पाकिस्तान में लश्कर आतंकी बिलाल आरिफ सराफी की हत्या, अपने ही परिवार वालों ने ली जान

पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैबा के एक कमांडर की हत्या उसके ही परिवार के लोगों ने कर दी. शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका है. यह घटना आतंकवाद के बढ़ते अंदरूनी संकट की ओर इशारा करती है.

Shraddha Mishra

मुरीदके: पाकिस्तान से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक आतंकी संगठन के कमांडर की हत्या उसके अपने ही परिवार के लोगों ने कर दी. यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आतंकवाद की आग अब उन घरों तक पहुंच रही है, जहां से कभी इसे बढ़ावा मिला था. सूत्रों के अनुसार, आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैबा से जुड़े कमांडर बिलाल आरिफ सराफी की शनिवार को ईद की नमाज के बाद हत्या कर दी गई. 

बताया जा रहा है कि इस वारदात को उसके परिवार के सदस्यों ने अंजाम दिया. हमलावरों ने पहले उस पर चाकू से हमला किया और फिर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना पाकिस्तान के मुरीदके इलाके में उस स्थान के पास हुई, जहां कभी संगठन का मुख्य केंद्र हुआ करता था. यह इलाका लंबे समय से आतंकी गतिविधियों के लिए चर्चा में रहा है. हालांकि, हत्या के पीछे का असली कारण अभी साफ नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है.

जांच और गिरफ्तारी

सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें मृतक जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है. हालांकि, इन वीडियो की सच्चाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

संगठन में क्या थी भूमिका?

बताया जाता है कि बिलाल का काम संगठन के लिए नए लोगों की भर्ती करना था. वह खासकर युवाओं को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें संगठन की विचारधारा से जोड़ता था. इसके अलावा, वह लोगों को मानसिक रूप से तैयार करने और संगठन के एजेंडे को फैलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाता था.

आतंकवाद का उल्टा असर

यह घटना एक बड़े सवाल को जन्म देती है कि जिस आतंकवाद को कभी रणनीति के तौर पर इस्तेमाल किया गया, वही अब खुद के लिए खतरा बनता जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान में आतंकवाद की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इसका असर आम लोगों पर भी पड़ रहा है. वैश्विक आतंकवाद सूचकांक 2026 के मुताबिक, पाकिस्तान अब दुनिया के सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में शामिल हो गया है. 2025 में यहां 1,000 से ज्यादा हमले दर्ज किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और कई घायल हुए.

किन इलाकों में ज्यादा असर?

खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हैं. इन क्षेत्रों में अधिकांश हमले और मौतें दर्ज की गई हैं.
यहां सक्रिय आतंकी समूहों में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का नाम सबसे प्रमुख है, जिसने बड़ी संख्या में हमलों को अंजाम दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो