पीएम और अमित शाह 9 मई को बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह में हो सकते हैं शामिल, जानें स्थल और समय

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी पहली बार सरकार बनाने जा रही है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी.

कितने बजे शुरू होगा कार्यक्रम? 

करीब डेढ़ दशक तक सत्ता में रही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के शासन का अंत होने के बाद अब भाजपा औपचारिक रूप से सरकार संभालने की तैयारी में है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है.

इस आयोजन की तारीख को लेकर भी खास चर्चा है. 9 मई का दिन बंगाली कैलेंडर के मुताबिक बैसाख महीने का 25वां दिन होता है, जिसे महान साहित्यकार रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के रूप में मनाया जाता है. ऐसे में इस दिन शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने को भाजपा की ओर से एक सांस्कृतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके जरिए पार्टी बंगाल की सांस्कृतिक पहचान से अपने जुड़ाव को दर्शाना चाहती है और उन आरोपों का जवाब देना चाहती है, जिनमें उसे बाहरी पार्टी बताया जाता रहा है.

8 मई की शाम को नव-निर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक

सरकार गठन से पहले 8 मई की शाम को नव-निर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जा सकता है. हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी तक पार्टी नेतृत्व ने किसी नाम का खुलासा नहीं किया है. इस बीच, प्रदेश और केंद्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता कोलकाता में लगातार बैठकें कर रहे हैं.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी का केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. शाह के जल्द ही बंगाल दौरे पर आने की भी संभावना जताई जा रही है, जहां वे सरकार गठन की प्रक्रिया और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे.

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 294 में से 206 सीटों पर जीत दर्ज की. इसके मुकाबले तृणमूल कांग्रेस को केवल 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ ही बंगाल की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो