दाऊद इब्राहिम भी थे ऋषि कपूर के फैन! अंडरवर्ल्ड डॉन ने अपने घर बुलाकर बॉलीवुड एक्टर को पिलाई थी चाय

ऋषि कपूर ने अपनी आत्मकथा 'खुल्लम खुल्ला' में एक बहुत बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने इसमें बताया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम उनके फैन थे और उन्होंने एक्टर को अपने घर चाय पर भी बुलाया था.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: एक समय था जब ऋषि कपूर बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना जैसे दिग्गजों के साथ अपनी अलग जगह बना चुके थे. फिल्म 'बॉबी' और 'प्रेम रोग' से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया था, लेकिन उनके फैंस की लिस्ट में एक अनोखा नाम भी शामिल था, जो है अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम.

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद से मुलाकात

ऋषि कपूर ने अपनी आत्मकथा 'खुल्लम खुल्ला' में इस मुलाकात का जिक्र किया है. साल 1988 में वे दुबई गए थे. एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही एक व्यक्ति उनसे मिला और फोन पर दाऊद से बात करवाई. दाऊद ने कहा कि अगर किसी चीज की जरूरत हो तो बताएं. होटल पहुंचने के बाद पता चला कि दाऊद चाय पीने के लिए उन्हें अपने घर बुला रहे हैं. 

ऋषि कपूर को इसमें कोई बुराई नजर नहीं आई. वे अपने एक दोस्त के साथ तैयार हो गए. होटल के बाहर एक बड़ी कार आई. कार में बैठते ही कुछ लोग दूसरी भाषा में बात करने लगे. बाद में पता चला कि रास्ता बदल-बदलकर उन्हें ले जाया जा रहा था, ताकि कोई भी घर का पता न याद रख सके.

घर पर चाय और खास बातचीत

दाऊद खुद बाहर आए और दोनों का स्वागत किया. उन्होंने चाय और बिस्कुट परोसे. दाऊद ने साफ कहा कि वे शराब नहीं पीते और न ही पिलाते हैं, इसलिए चाय पर बुलाया है. बातचीत के दौरान दाऊद ने ऋषि कपूर के पिता राज कपूर, दिलीप कुमार और उनके चाचाओं की तारीफ की. फिर उन्होंने बताया कि ऋषि कपूर की एक फिल्म उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है.

डॉन की फेवरेट फिल्म 'तवायफ'

दाऊद की फेवरेट फिल्म थी 1985 में रिलीज हुई 'तवायफ'. इस फिल्म में ऋषि कपूर ने 'दाऊद' नाम के किरदार को निभाया था. रति अग्निहोत्री और पूनम ढिल्लन इस फिल्म की हीरोइन थीं. दाऊद ने कहा कि अपने नाम की वजह से उन्हें यह फिल्म बहुत भाती है. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म ज्यादा सफल नहीं हुई थी, लेकिन दाऊद जैसे व्यक्ति के दिल में खास जगह बना ली थी.

ऋषि कपूर और दाऊद की दूसरी मुलाकात

ऋषि कपूर की दाऊद से दूसरी मुलाकात दुबई के एक मॉल में हुई. वहां दाऊद ने शॉपिंग करवाने की बात कही, लेकिन ऋषि कपूर वहां से निकल गए. ये मुलाकातें उस दौर की याद दिलाती हैं जब बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के बीच अनजाने रिश्ते हुआ करते थे. ऋषि कपूर ने इन घटनाओं को बिना किसी डर के अपनी किताब में साझा किया, जो आज भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो