पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज पर लगा बैन जारी, मल्टी नेशन टूर्नामेंट में खेलने के लिए खेल मंत्रालय ने रखी ये कंडीशन

पकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल आयोजनों पर लगाए गए प्रतिबंध पर भारत सरकार ने इसे आगे भी जारी रखने का फैसला लिया है. लेकिन बहुराष्ट्रीय इवेंट्स को इसमें छूट दी गई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल आयोजनों पर लगाए गए प्रतिबंध को जारी रखने का फैसला किया है. हालांकि, बहुराष्ट्रीय (मल्टी-नेशन) इवेंट्स को इसमें छूट दी गई है. खेल मंत्रालय ने सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों, भारतीय ओलंपिक संघ और खेल प्राधिकरण को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं.

द्विपक्षीय मैचों पर सख्ती बरकरार

खेल मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान में भारतीय टीम कोई द्विपक्षीय मैच खेलने नहीं जाएगी और न ही पाकिस्तानी टीम को भारत में खेलने की अनुमति दी जाएगी. मंत्रालय ने कहा, “दोनों देशों में द्विपक्षीय खेल आयोजनों के मामले में यह नीति सख्ती से लागू रहेगी.”

बहुराष्ट्रीय इवेंट्स में छूट

बहुराष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के मामले में भारत अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं के नियमों का पालन करेगा. अगर किसी अंतरराष्ट्रीय इवेंट में पाकिस्तान की टीम भी शामिल है, तो भारतीय खिलाड़ी उसमें भाग ले सकेंगे. इसी तरह, भारत में आयोजित बहुराष्ट्रीय इवेंट्स में पाकिस्तानी खिलाड़ी भी शामिल हो सकेंगे.

2025 एशिया कप से पहले हुई थी घोषणा

यह नीति 2025 एशिया कप से पहले घोषित की गई थी, जिसकी मेजबानी UAE में हुई थी. अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भी सरकार ने द्विपक्षीय संबंधों पर रोक बनाए रखी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने का फैसला किया.

भारत को बनाना है पसंदीदा खेल मेजबान देश 

खेल मंत्रालय का लक्ष्य भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की पसंदीदा मेजबान देश के रूप में स्थापित करना है. इसके लिए खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ और अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के पदाधिकारियों के वीजा प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा.

अंतरराष्ट्रीय खेल संगठनों के पदाधिकारियों को उनकी कार्यावधि के दौरान प्राथमिकता के आधार पर मल्टी-एंट्री वीजा (अधिकतम ५ साल के लिए) दिए जाएंगे. भारत आने वाले प्रमुख खेल अधिकारियों को प्रोटोकॉल और उचित सम्मान दिया जाएगा.

बड़े आयोजनों की तैयारी

यह नीति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अहमदाबाद में करने जा रहा है. इसके अलावा, 2036 ओलंपिक और 2038 एशियाई खेलों की मेजबानी के लिए भी भारत दावेदारी कर रहा है. साफ और संतुलित नीति से भारत की छवि एक अच्छा और स्वागत करने वाला मेजबान देश के रूप में मजबूत होगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो