संजु सैमसन के तूफान में उड़ी दिल्ली की टीम: 8 विकेट से जीता मैच, प्लेऑफ़ की उम्मीदें कायम!
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ CSK ने IPL 2026 में DC के खिलाफ दोनों मुकाबले अपने नाम कर लिए। और इसी जीत के साथ यह टीम अब भी अंतिम 4 की रेस में बरकरार है।

नई दिल्ली: अरुण जेटली स्टेडियम की स्लो पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन संजू सैमसन ने सारी मुश्किलें आसान कर दीं। उनकी नाबाद 87 रनों की मैच जिताऊ पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ CSK ने IPL 2026 में DC के खिलाफ दोनों मुकाबले अपने नाम कर लिए। और इसी जीत के साथ यह टीम अब भी अंतिम 4 की रेस में बरकरार है।
प्लेऑफ की रेस में CSK को मिली संजीवनी
आपको बताते चलें कि यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा था। ऋतुराज गायकवाड़ की टीम ने बाजी मार ली। संजू की शानदार हाफ-सेंचुरी ने चेन्नई को दो अहम अंक दिलाए। जीत के बाद भी CSK छठे नंबर पर है, लेकिन अब उसके 10 पॉइंट हो गए हैं। वहीं DC सातवें पायदान पर ही अटकी है। हार से उसका नेट रन रेट और बिगड़ गया, जिससे प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।
स्पिन के जाल में फंसी दिल्ली की बैटिंग
दरअसल इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली को स्पिन-फ्रेंडली पिच पर काफी जूझना पड़ा। शुरुआत ही खराब रही। पथुम निसांका और केएल राहुल सेट होने के बाद जल्दी आउट हो गए। बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में कसी हुई गेंदबाजी की।
उन्होंने रन रोकने के साथ एक विकेट भी निकाला। मिडिल ऑर्डर तो स्पिन के सामने पूरी तरह बिखर गया। नूर अहमद ने करुण नायर और नीतीश राणा को चलता किया। कप्तान अक्षर पटेल भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और अहम मौके पर आउट हो गए। एक समय DC का स्कोर 69 पर 5 विकेट था।
स्टब्स-रिज़वी ने जोड़े कुछ रन
दिल्ली की पारी के आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 और समीर रिज़वी ने नाबाद 40 रन बनाए। दोनों ने 65 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन यह काफी नहीं था। दिल्ली की टीम 20 ओवर में सिर्फ 155 रन ही बना सकी। स्कोर बोर्ड पर रन कम होने का दबाव साफ दिख रहा था।
सैमसन ने अकेले पलटा खेल
गौरतलब है कि 156 रनों का पीछा करने उतरी CSK की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ऋतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल जल्दी पवेलियन लौट गए। लगा कि मैच फंस जाएगा, लेकिन फिर संजू सैमसन ने मोर्चा संभाल लिया। T20 वर्ल्ड कप 2026 के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहे संजू ने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
उन्होंने मात्र 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन ठोक दिए। उनकी पारी में बड़े शॉट्स के साथ क्लास भी दिखी। युवा कार्तिक शर्मा ने भी 31 गेंदों में 41 रन बनाकर संजू का बढ़िया साथ दिया। कार्तिक ने फिनिशर के तौर पर अपनी छाप छोड़ी। वहीं संजु को उनके शानदार प्रदर्शन के कारण इस मैच में भी प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।


