‘भारत को मोदी जैसा नेता मिलना सौभाग्य...’ बंगाल में BJP की जीत पर ट्रंप ने PM मोदी को दी बधाई

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन पर बधाई दी। देसाई ने कहा कि पिछले महीने ही फोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की थी।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। ट्रंप ने इस जीत को "ऐतिहासिक" और "निर्णायक" बताया। साथ ही कहा कि भारत खुशकिस्मत है कि उसे मोदी जैसा नेता मिला है। ट्रंप के इस बयान से बंगाल चुनाव के नतीजों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी अहमियत मिल गई है।

ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन पर दी बधाई 

प्राप्त जानकारियों के मुताबिक व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन पर बधाई दी। देसाई ने कहा, “पिछले महीने ही फोन पर बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि भारत बहुत भाग्यशाली है कि उसे मोदी जैसा नेता मिला। राष्ट्रपति इस हालिया, ऐतिहासिक और निर्णायक चुनावी जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हैं।” 

15 साल बाद बदली बंगाल की सियासत   

आपको बताते चलें कि BJP ने पहली बार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर कब्जा किया है। इसके साथ ही ममता बनर्जी का 15 साल पुराना शासन खत्म हो गया। बंगाल जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से अहम राज्य में यह जीत BJP के लिए बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। इससे पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल के बीच उनकी स्थिति और मजबूत हुई है।

जनता की ताकत की जीत- PM मोदी   

नई दिल्ली में समर्थकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “बंगाल की किस्मत में एक नया अध्याय जुड़ गया है। जनता की ताकत की जीत हुई है और BJP की 'सुशासन की राजनीति' सफल हुई है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।” 

BJP के लिए सबसे मुश्किल किला था बंगाल   

गौरतलब है कि सालों तक पश्चिम बंगाल उन कुछ राज्यों में था जहां BJP को पैर जमाने में सबसे ज्यादा संघर्ष करना पड़ा। जबकि देश के बाकी हिस्सों में पार्टी तेजी से बढ़ रही थी। 10 करोड़ से ज्यादा आबादी वाले इस राज्य में जीत का मतलब कई देशों के चुनाव जीतने जैसा है।

इसलिए यह नतीजा सिर्फ एक राज्य के चुनाव से कहीं ज्यादा मायने रखता है। इसे मोदी के राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी जीतों में गिना जा रहा है। इस जीत के साथ पूर्वी भारत में BJP का विस्तार पूरा हो गया है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो