बंगाल चुनाव के बाद हिंसा पर पुलिस का एक्शन, 400 से ज्‍यादा लोग गिरफ्तार, 200 से ज्यादा FIR

पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा और झड़पों की घटनाएं सामने आईं, जिनमें दो लोगों की मौत और कई जगह तोड़फोड़ हुई. पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया है और अब प्रशासन के अनुसार हालात नियंत्रण में हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

West Bengal: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत और तृणमूल कांग्रेस के करीब 15 वर्षों बाद सत्ता से बाहर होने के बाद कई इलाकों से हिंसा, तोड़फोड़ और झड़पों की घटनाएं सामने आईं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि हालात सामान्य हो रहे हैं. राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि अब तक 200 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जबकि 433 लोगों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है.

1100 से ज्यादा लोग हिरासत में

सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा कि एहतियात के तौर पर 1100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. डीजीपी के मुताबिक, इन सख्त कदमों के बाद बुधवार सुबह से किसी नई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है, जिससे संकेत मिलता है कि हालात अब शांत हो रहे हैं.

चुनाव के बाद हुई हिंसा में दो लोगों की मौत 

चुनाव के बाद हुई हिंसा में दो लोगों की मौत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया था. साथ ही, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं. इन हालात को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने राज्य प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.

बारानगर और कई जगहों पर राजनीतिक दफ्तरों में तोड़फोड़

राज्य के कई हिस्सों में अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गईं. न्यू टाउन इलाके में विजय जुलूस के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई, जबकि बीरभूम जिले के नानूर में एक तृणमूल समर्थक की हत्या का मामला सामने आया. इसके अलावा कोलकाता के टॉलीगंज, कस्बा, बारुईपुर, कमरहटी और बारानगर जैसे इलाकों के साथ-साथ हावड़ा और बहरामपुर में भी राजनीतिक दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें आईं.

टॉलीगंज के बिजयगढ़-नेताजी नगर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के एक उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय में भीड़ द्वारा तोड़फोड़ की गई. वहीं, संदेशखाली में ग्रामीणों को डराने-धमकाने की शिकायत पर पहुंची टीम पर हमला हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के जवान घायल हो गए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो