पेट्रोल-डीजल और LPG पर सरकार ने दिया अपडेट, लोगों को आश्वासन देते हुए की ये अपील
सरकार ने अमेरिका-ईरान तनाव के बीच लोगों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है.

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में संभावित बाधाओं की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की घबराहट में खरीदारी न करें. सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य और पर्याप्त बनी हुई है. इसलिए किसी तरह की पैनिक बायिंग की जरूरत नहीं है.
सरकार ने बयान में क्या कहा?
सरकार की ओर से जारी बयान में भरोसा दिलाया गया है कि पेट्रोलियम उत्पादों से लेकर घरेलू रसोई गैस तक की उपलब्धता बिना किसी रुकावट के जारी है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और आपूर्ति बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें. साथ ही ऊर्जा की बचत पर भी जोर दिया गया है.
मंत्रालय ने यह भी बताया कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी और पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है. खासतौर पर घरों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. बढ़ती मांग को देखते हुए रिफाइनरियों में उत्पादन बढ़ाया गया है और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया गया है. एलपीजी सिलेंडर की रीफिलिंग के बीच का समय भी बढ़ाया गया है ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक गैस पहुंच सके.
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त रुख
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. अब तक 3,700 से ज्यादा छापेमारी की जा चुकी है और करीब 1,000 एलपीजी वितरकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. नियमों के उल्लंघन के मामलों में 27 डीलरों को निलंबित भी किया गया है.
आंकड़ों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण सप्लाई पर दबाव जरूर है, लेकिन देश में किसी भी गैस केंद्र पर कमी की कोई सूचना नहीं है. हाल ही में एक दिन में लगभग 51 लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए, जिनमें 95 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हुई.
सरकार ने यह भी बताया कि सभी रिफाइनरियां पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ काम कर रही हैं और देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है. साथ ही, स्थिति को संतुलित रखने के लिए वैकल्पिक ईंधनों का भी उपयोग किया जा रहा है.


