रूह कंपा देने वाला हादसा, उड़ते ही विमान से गिरने लगे जलते टुकड़े!
ब्राजील के साओ पाउलो से अटलांटा जा रहे डेल्टा एयरलाइंस के एयरबस A330 विमान में उड़ान भरते ही विस्फोट हो गया. बाएं इंजन में भयंकर आग लग गई और इंजन का एक बड़ा टुकड़ा हवा में टूटकर नीचे गिर पड़ा.
ब्राजील के गआरुलहोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक भयावह हवाई हादसा टलते-टलते बचा. अटलांटा जाने वाली डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट टेक-ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद हवा में जोरदार धमाके के साथ बाएं इंजन में आग लग गई. एयरबस A330 विमान से इंजन का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिरता हुआ देखा गया. विमान में कुल 286 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे. चश्मदीदों ने बताया कि इंजन से भयंकर आग की लपटें निकल रही थीं और जलते हुए टुकड़े जमीन पर गिर रहे थे. यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. पायलटों ने तुरंत इमरजेंसी घोषित कर विमान को वापस एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया और भारी-भरकम विमान को सिर्फ एक इंजन के सहारे सुरक्षित लैंड करा लिया. गनीमत रही कि सभी 286 लोगों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. डेल्टा एयरलाइंस और ब्राजीलियाई विमानन प्राधिकरण ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है.


