हरियाणा में SBI बैंक मैनेजर की संदिग्ध मौत, एक्सप्रेसवे पर कार में मिला शव
हरियाणा के नूंह जिले में SBI बैंक मैनेजर की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक पुल के नीचे खड़ी कार में मैनेजर का शव मिलने के बाद पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में एक बैंक मैनेजर की रहस्यमयी मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मरोरा ब्रिज के नीचे खड़ी कार में बैंक मैनेजर का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस को शुरू में हार्ट अटैक का शक है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है, जो लुहिंगाकला स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा में मैनेजर के पद पर तैनात थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार ने बढ़ाया शक
जानकारी के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मरोड़ा पुल के नीचे एक कार लंबे समय से खड़ी दिखाई दी. राहगीरों को जब कार संदिग्ध लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब वाहन की जांच की तो अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला.
इसके बाद पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. कार वहां कैसे पहुंची और मृतक कितनी देर से वाहन में मौजूद थे, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है.
SBI शाखा में थे मैनेजर
जांच के दौरान मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई, जो लुहिंगाकला स्थित SBI शाखा में बैंक मैनेजर थे. उनकी मौत की खबर सामने आने के बाद बैंक कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के चलते शाखा का कामकाज भी प्रभावित हुआ.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला हार्ट अटैक से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को मांडीखेड़ा स्थित अल आफिया अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी होगी ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक अकेले थे या उनके साथ कोई और भी मौजूद था. साथ ही मौत से पहले उनकी गतिविधियों और एक्सप्रेसवे तक पहुंचने की परिस्थितियों की भी जांच जारी है.


