रेप केस में उम्रकैद काट रहे आसाराम को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, बिगड़ती तबीयत पर इलाज के लिए दिए खास आदेश

यौन उत्पीड़न मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत मिली है, कोर्ट ने जेल प्रशासन को बेहतर इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं देने के निर्देश दिए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: यौन उत्पीड़न मामले में जोधपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. गुरुवार को हाईकोर्ट ने उनकी खराब होती सेहत को देखते हुए जेल प्रशासन को उचित इलाज और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. कोर्ट ने कहा कि यदि उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ती है तो उन्हें आयुर्वेद अस्पताल में भी इलाज की अनुमति दी जा सकती है.

हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया जोर

यह आदेश जस्टिस संजीत पुरोहित की बेंच ने सुनाया. कोर्ट ने साफ कहा कि जेल में बंद कैदियों को भी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है. आसाराम की ओर से अधिवक्ता आर.एस. सलूजा और यशपाल राजपुरोहित ने पक्ष रखा और बताया कि उनकी तबीयत लगातार खराब हो रही है.

पुराने आदेशों के पालन पर उठे सवाल

इस मामले में बुधवार को भी सुनवाई हुई थी, लेकिन फैसला नहीं हो पाया था. उस दौरान हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और जेल प्रशासन से पूछा था कि क्या पहले दिए गए आदेशों का सही तरीके से पालन किया जा रहा है. पुराने आदेश में कोर्ट ने आसाराम को समय पर दवाइयां, इलाज और एक समय घर का बना खाना उपलब्ध कराने को कहा था। सरकार ने जवाब देने के लिए कोर्ट से समय मांगा था.

अचानक बिगड़ी थी तबीयत

मंगलवार शाम को जेल में आसाराम की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. इसके बाद उन्हें तुरंत जोधपुर के आरोग्यं अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति में कुछ सुधार बताया गया.

पहले खारिज हो चुकी है जमानत बढ़ाने की मांग

हाल ही में कोर्ट ने स्वास्थ्य आधार पर दी गई उनकी अंतरिम जमानत को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था. करीब दो साल से उनकी अस्थायी जमानत बढ़ाई जा रही थी. पिछली सुनवाई में कोर्ट ने कहा था कि ऐसे गंभीर मामलों में पीड़िता के सम्मान, सुरक्षा और न्याय को प्राथमिकता देना जरूरी है. फिलहाल हाईकोर्ट के नए आदेश के बाद जेल प्रशासन को आसाराम के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो