तमिलनाडु में भीषण बस हादसा: केरल के 8 पर्यटकों की मौके पर मौत, कई घायल
सेलम-कोयंबटूर नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. कोयंबटूर से सेलम जा रही राज्य परिवहन की बस 13वें हेयरपिन मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई. बस ने एक बाइक और यात्रियों से भरे ऑटो को टक्कर मारते हुए 9वें मोड़ पर खाई में जा गिरी.

तमिलनाडु के सेलम जिले में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह हादसा सेलम-कोयंबटूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जब राज्य परिवहन निगम की एक बस कई वाहनों से आमने-सामने टकरा गई. जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, कोयंबटूर से सेलम जा रही बस 13वें हेयरपिन मोड़ पर चालक के नियंत्रण खो देने के कारण अचानक सड़क से उतर गई. इस दौरान बस एक दोपहिया वाहन और करीब 10 सवारियों से भरे एक ऑटोरिक्शा से टकरा गई और फिर 9वें हेयरपिन मोड़ पर जा गिरी.
बस में सवार पर्यटक
बस में केरल के पेरिंथलमन्ना से आए 13 पर्यटक सवार थे. इनमें से आठ लोगों (1 पुरुष और सात महिलाएं) की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में घायल हुए पांच लोगों, जिनमें चालक, 17 से 18 साल के दो किशोर और दो महिलाएं शामिल हैं, को तुरंत बचाकर पोलाची के सरकारी अस्पताल ले जाया गया.
तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही तमिलनाडु राज्य के अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई की. हादसे की सूचना मिलते ही दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्यों की निगरानी की. घायलों को तुरंत निकालने के लिए अग्निशमन और बचाव सेवा के कर्मियों को भी तैनात किया गया.
PM और केरल के CM ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया. प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर साझा किया कि तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर व्यथित हूं. मैं हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
தமிழ்நாட்டின் கோயம்புத்தூரில் நிகழ்ந்த விபத்தை அறிந்து மிகுந்த வேதனையடைந்தேன். இந்த விபத்தில் தங்கள் அன்புக்குரியவர்களை இழந்தவர்களுக்கு எனது ஆழ்ந்த இரங்கல்களைத் தெரிவித்துக்கொள்கிறேன். காயமடைந்தவர்கள் விரைவில் குணமடைய பிரார்த்திக்கிறேன்: பிரதமர் @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) April 17, 2026
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी केरल के नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया. मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, विजयन ने अधिकारियों को सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. इस बीच, मलप्पुरम के पांग-पल्लिपरम्बा सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल में शोक की लहर है क्योंकि सभी पीड़ित उसी स्कूल में काम करते थे.


