हीटवेव से जल्द मिलेगी राहत, यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी किया नया अपडेट
उत्तर भारत में तपती गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने कल से यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है.

नई दिल्ली: उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में लोग झुलसा देने वाली गर्मी का सामना कर रहे हैं. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हालांकि अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव जारी रह सकती है, लेकिन 29 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा.
मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और हीटवेव की स्थिति में सुधार होगा. खासकर उत्तर प्रदेश में 28 मई से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई के बीच बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर भारत में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 मई के दौरान उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक, आंधी और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है. दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 मई को गरज के साथ तेज आंधी चलने का अनुमान है. वहीं राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 28 और 29 मई को मौसम खराब रह सकता है.
यूपी में कब बदलेगा मौसम?
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई तक हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 31 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा. इसके अलावा 28 और 29 मई को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चल सकती है. 29 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 27 से 30 मई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 मई को ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में 27 मई से 2 जून तक बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है.
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 से 29 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है.
पूर्वोत्तर भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 जून को भारी बारिश हो सकती है. वहीं असम और मेघालय में 27, 28 मई और 2 जून को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बारिश के आसार
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है. बिहार और ओडिशा में 27 से 31 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. वहीं झारखंड में 27 मई से 1 जून तक बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 27 मई से 2 जून तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.


