ईरान में बढ़ते संकट के बीच भारत की बड़ी चेतावनी, नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील
तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव और ईरान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों से ईरान छोड़ने की एडवाइजरी जारी की है.

तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव और ईरान में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक नई एडवाइजरी जारी की है. इस सलाह में ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों या अन्य परिवहन साधनों का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द देश छोड़ने पर विचार करें.
गंभीरता को ध्यान में रखते हुए एडवाइजरी जारी
दूतावास ने यह कदम मौजूदा हालात की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए उठाया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. यह नई एडवाइजरी 5 जनवरी 2026 को जारी की गई पूर्व सलाह का ही विस्तार है. उस समय भी भारतीय नागरिकों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ईरान छोड़ने की सलाह दी गई थी, क्योंकि देश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी.
ताजा परामर्श में विशेष रूप से छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को सतर्क रहने और परिस्थितियों के अनुसार सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है. दूतावास ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सभी भारतीय नागरिक विरोध प्रदर्शनों, रैलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतें. इसके साथ ही, भारतीय नागरिकों से यह भी कहा गया है कि वे अपने पासपोर्ट, वीजा और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज हमेशा तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत यात्रा की जा सके.
— India in Iran (@India_in_Iran) February 23, 2026
दूतावास ने नागरिकों को स्थानीय समाचार माध्यमों पर नजर रखने और ताजा घटनाक्रम की जानकारी हासिल करते रहने की सलाह भी दी है. इसके अलावा, दूतावास ने उन भारतीय नागरिकों से, जिन्होंने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है उनसे अनुरोध किया है कि वे दूतावास के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर जल्द से जल्द अपना विवरण दर्ज कराएं. यदि इंटरनेट सेवा बाधित होती है तो भारत में मौजूद उनके परिजन भी उनकी ओर से पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. आपात स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर और आधिकारिक ईमेल आईडी भी जारी की है, ताकि जरूरतमंद नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें.
मध्य पूर्व में तेजी से बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव
इस एडवाइजरी के पीछे एक प्रमुख कारण मध्य पूर्व में तेजी से बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है. अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर टकराव लगातार गहराता जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा में संकेत दिया है कि यदि कूटनीतिक प्रयास विफल होते हैं तो अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का रास्ता अपना सकता है. रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका सीमित सैन्य कार्रवाई के विकल्प पर विचार कर रहा है, जिसका उद्देश्य ईरान पर दबाव बनाना और उसके परमाणु कार्यक्रम को रोकना हो सकता है.
हालांकि, तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं. ओमान के विदेश मंत्री बदर अल-बुसैदी ने जानकारी दी है कि दोनों देशों के बीच बातचीत का अगला चरण जिनेवा में प्रस्तावित है. उन्होंने उम्मीद जताई कि वार्ता के जरिए किसी समाधान तक पहुंचा जा सकता है और सैन्य टकराव से बचा जा सकेगा.
इसी बीच, ईरान के भीतर भी असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है. हाल के दिनों में कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए और प्रशासन के साथ उनकी झड़पें भी हुईं. इससे पहले भी बड़े स्तर पर हुए विरोध प्रदर्शनों को सुरक्षा बलों ने सख्ती से दबाया था. इन घटनाओं ने देश की आंतरिक स्थिति को और अधिक संवेदनशील बना दिया है.
इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह एडवाइजरी जारी की है और उन्हें सतर्क रहने और आवश्यक होने पर शीघ्र सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है.


