भारत-मलेशिया रिश्तों को नई रफ्तार, 6 अहम समझौतों पर लगी मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय मलेशिया यात्रा के दौरान भारत और मलेशिया के संबंधों को नई मजबूती मिली. कुआलालंपुर में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा भारत–मलेशिया रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाली साबित हुई. इस दौरान दोनों देशों ने सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार विरोध, ऑडियो-विजुअल सह-निर्माण और व्यावसायिक शिक्षा समेत छह महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए. व्यापार, निवेश, रक्षा, समुद्री सहयोग, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल तकनीक और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी.
डिजिटल भुगतान को लेकर एनपीसीआई इंटरनेशनल और मलेशिया की पेनेट के बीच यूपीआई कनेक्टिविटी पर समझ बनी, जिससे सीमा-पार भुगतान आसान होगा. प्रधानमंत्री मोदी ने यूनिवर्सिटी ऑफ मलाया में थिरुवल्लुवर केंद्र और छात्रवृत्तियों की घोषणा की, जिससे सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे. मलेशिया में भारत का पहला वाणिज्य दूतावास खोलने का फैसला भी अहम रहा. इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण और व्यापारिक निवेश बढ़ाने पर भी दोनों देशों ने साझा प्रतिबद्धता जताई.


