होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव के बीच भारत का साफ बयान, अमेरिका से नहीं हुई कोई बातचीत

भारत ने स्पष्ट किया है कि होर्मुज जलधमरूमध्य में तेल टैंकरों की सुरक्षा को लेकर उसकी अमेरिका के साथ कोई द्विपक्षीय चर्चा नहीं हुई है. हालांकि कई देश इस मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने साफ किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों की सुरक्षा को लेकर उसकी अमेरिका के साथ कोई द्विपक्षीय बातचीत नहीं हुई है. यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया है जब ट्रंप ने कई देशों से अपील की है कि वे इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को सुरक्षित और खुला रखने के लिए अपने युद्धपोत तैनात करें. 

ट्रंप ने किन देशों को लिया नाम?

ट्रंप ने इस संबंध में चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और यूनाइटेड किंगडम जैसे देशों का नाम भी लिया था. विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस विषय पर भारत की स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश होर्मुज जलधमरूमध्य में तेल टैंकरों की आवाजाही और उसमें कथित तौर पर ईरान की दखलअंदाजी से जुड़े मुद्दों पर आपस में चर्चा कर रहे हैं, लेकिन भारत ने अभी तक इस विषय पर अमेरिका के साथ कोई औपचारिक या द्विपक्षीय बातचीत नहीं की है. 

उन्होंने यह भी बताया कि भारत स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. इस बीच, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय जहाजों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है. बंदरगाह मंत्रालय, शिपिंग और जलमार्ग ने जानकारी दी कि मौजूदा हालात के बावजूद समुद्री व्यापार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. मंत्रालय के अनुसार माल ढुलाई की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और बंदरगाहों पर माल उतारने या जहाजों की आवाजाही में किसी तरह की देरी की सूचना नहीं है.

अधिकारियों ने यह भी बताया कि भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और बीते 24 घंटों में क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है. समुद्री सुरक्षा एजेंसियां लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.

भारतीय जहाजों की स्थिति की जानकारी 

इस दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले कुछ भारतीय जहाजों की स्थिति के बारे में भी जानकारी दी गई. बताया गया कि भारतीय पोत ‘शिवालिक’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया है और बिना किसी समस्या के गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पहुंच गया है. इसके अलावा ‘जग लाडकी’ नामक एक अन्य जहाज, जो संयुक्त अरब अमीरात से कच्चा तेल लेकर भारत के लिए रवाना हुआ है सुरक्षित रूप से आगे बढ़ रहा है और उसके जल्द ही मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है.

अधिकारियों के मुताबिक क्षेत्रीय तनाव के बावजूद समुद्री गतिविधियों को सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं. फिलहाल लगभग 22 मालवाहक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिमी हिस्से में संचालित हो रहे हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्ग अभी भी सक्रिय और कार्यशील बना हुआ है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो