भारतीय तटरक्षक बल का योग संगम प्लान तैयार, जानें कैसे 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा ICG

Yoga Sangam: भारतीय तटरक्षक बल 21 जून 2025 को पूरे देशभर में योग संगम के माध्यम से 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने जा रहा है. यह आयोजन आयुष मंत्रालय की थीम एक धरती, एक स्वास्थ्य के लिए योग के अनुरूप होगी, जिसमें तटरक्षक बल के जवानों और उनके परिवारों की व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी.

calender

Yoga Sangam: तटरक्षक बल के जवानों की शारीरिक, मानसिक और आत्मिक तंदुरुस्ती के प्रति प्रतिबद्धता का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए भारतीय तटरक्षक बल (ICG) 21 जून 2025 को योग संगम के माध्यम से 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने जा रहा है. यह आयोजन आयुष मंत्रालय की थीम 'एक धरती, एक स्वास्थ्य के लिए योग' के अनुरूप है, जो न केवल सीमा पार बल्कि सभी पेशों और संस्कृतियों में समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की भावना को दर्शाता है.

योग संगम न केवल एक वार्षिक आयोजन है, बल्कि यह तटरक्षक बल की उस सतत सोच का प्रमाण है, जो अपने जवानों और उनके परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है. इस पहल में देशभर के तटवर्ती और द्वीपीय क्षेत्रों में फैले सभी ICG स्टेशनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है.

एक महीने तक चले योग जागरूकता कार्यक्रम

भारतीय तटरक्षक बल के जन संपर्क अधिकारी कमांडेंट अमित उनियाल ने बताया, मख्य कार्यक्रम से पहले, भारतीय तटरक्षक बल ने देशभर के अपने सभी स्टेशनों और इकाइयों में एक माह तक योग जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई. इन आयोजनों का आयोजन ब्रह्माकुमारीज, हार्टफुलनेस इंस्टिट्यूट, ईको योगा स्कूल्स जैसी प्रतिष्ठित योग संस्थाओं के सहयोग से किया गया. विशेष रूप से, सुदर्शन सेतु पर आयोजित एक विशेष सत्र ने पारंपरिक मूल्यों और आधुनिक संरचनात्मक विकास के समागम को उजागर किया.

कर्मियों और परिवारों की सक्रिय भागीदारी

कमांडेंट अमित उनियाल ने बताया, इन कार्यक्रमों में हजारों तटरक्षक कर्मियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी सत्रों का संचालन प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा किया गया, जिसमें आसन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का समावेश था. इन सत्रों का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य को एक समग्र दृष्टिकोण से सुदृढ़ करना रहा.

नोएडा में होगा मुख्य कार्यक्रम

मुख्य आयोजन दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के कोस्ट गार्ड कॉम्प्लेक्स, सेक्टर 24, नोएडा में योग वंदना इंस्टिट्यूट के सहयोग से आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि, एवीएसएम, पीटीएम, टीएम करेंगे. इसी समय देशभर के सभी तटरक्षक स्टेशनों पर भी एक साथ योग सत्र आयोजित किए जाएंगे.

विशेषज्ञों की मौजूदगी में होगा योग अभ्यास

नोएडा के मुख्य कार्यक्रम में योग वंदना इंस्टिट्यूट के प्रतिष्ठित प्रशिक्षक अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे, जो प्रतिभागियों को योग की गहराई और दर्शन में एक सशक्त अनुभव प्रदान करेंगे. यह सत्र केवल व्यायाम नहीं बल्कि आत्मचिंतन और अनुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा.

तटरक्षक बल की स्वास्थ्य और अनुशासन के प्रति प्रतिबद्धता

योग संगम न केवल योग दिवस का उत्सव है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण भी है कि भारतीय तटरक्षक बल अपने कर्मियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य, अनुशासन और मानसिक सजगता की संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है. First Updated : Friday, 20 June 2025