झारखंड: झारखंड के धनबाद जिले के महुदा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शनिवार दोपहर को सड़क किनारे झाड़ियों के बीच एक बुजुर्ग का आधा गला रेता हुआ शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह मामला सीधे तौर पर जघन्य हत्याकांड का नजर आ रहा है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है.
3 घंटे बाद मिली लाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तारगा पंचायत के अंतर्गत आने वाले भुरूंगिया बस्ती निवासी 63 वर्षीय हलीम शेख के रूप में हुई है. हलीम शेख महुदा बाजार में स्थित एक ट्रंक की दुकान में काम करते थे. परिजनों ने बताया कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे वे रोजाना की तरह अपने घर से बाहर निकले थे. इसके महज तीन घंटे बाद, दोपहर करीब 3 बजे डीएवी पब्लिक स्कूल महुदा से कुलटांड़ बस्ती जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में उनका शव स्थानीय लोगों ने देखा.
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. हत्या की खबर आग की तरह फैलते ही मृतक के गांव भुरूंगिया बस्ती के दर्जनों आक्रोशित लोग महुदा थाने पहुंच गए. ग्रामीणों ने वहां जमकर विरोध प्रदर्शन करने का प्रयास किया और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. माहौल बिगड़ता देख थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को निष्पक्ष और जांच का ठोस भरोसा देकर शांत कराया. मृतक के दामाद मोहम्मद शेख ने महुदा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
क्या रहेगा पुलिस का रुख
वारदात की गंभीरता को देखते हुए बाघमारा के एसडीपीओ अजित कुमार विमल ने भी महुदा थाना पहुंचकर घटनास्थल और मामले की विस्तृत समीक्षा की. एसडीपीओ ने बताया कि मामला पूरी तरह हत्या का लग रहा है. पुलिस टीम मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है. वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
भरा-पूरा परिवार
हलीम शेख अपने पीछे तीन बेटों और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. इस बीच, घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी महुदा थाना पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन से इस जघन्य हत्याकांड का जल्द से जल्द खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है. First Updated : Sunday, 14 June 2026