रांची: झारखंड में बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. बता दें, झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. वहीं जिन उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं.
जेसीईसीईबी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बीएड, एमएड और बीपीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 31 मई 2026 को किया जाएगा. इस दौरान परीक्षा राज्य के अलग-अलग निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होगी. इस बीच परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और उसमें दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांच कर लें. साथ ही यह भी कहा गया है कि एडमिट कार्ड के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवार सबसे पहले JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर जाएं.
इसके बाद होम पेज पर दिए गए “B.Ed/M.Ed/B.P.Ed Online Application 2026” लिंक पर क्लिक करें.
फिर लॉगिन सेक्शन में जाकर अपनी लॉगिन आईडी, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज करें.
जानकारी सबमिट करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकाला जा सकता है.
प्रवेश परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे, जिसमें लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी से 30 सवाल, टीचिंग एप्टीट्यूड से 40 सवालऔर रीजनिंग से 30 सवाल शामिल होंगे. इस दौरान प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा और गलत जवाब देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे. इसके साथ उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड तथा एक वैध पहचान पत्र जरूर लेकर जाएं. First Updated : Thursday, 28 May 2026