Kangana Ranaut: भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह बना उनका अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर किया गया एक पोस्ट, जिसे उन्होंने बाद में सोशल मीडिया से हटा दिया. कंगना ने खुद खुलासा किया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें कॉल कर वह पोस्ट डिलीट करने को कहा था.
कंगना ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक स्टेटमेंट शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के निर्देश का पालन करते हुए पोस्ट इंस्टाग्राम से भी डिलीट कर दी है. उन्होंने इसे अपनी "व्यक्तिगत राय" बताते हुए खेद भी जताया.
कंगना रनौत ने एक्स पर लिखा, "आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @JPNadda जी का फोन आया और उन्होंने मुझसे आग्रह किया कि मैंने जो ट्रंप को लेकर एप्पल CEO टिम कुक के भारत में निर्माण पर पोस्ट किया है, उसे हटा दूं. मुझे खेद है कि मैंने अपनी बहुत ही व्यक्तिगत राय शेयर की. निर्देशानुसार, मैंने इसे तुरंत इंस्टाग्राम से भी डिलीट कर दिया. धन्यवाद."
अब हटाए जा चुके पोस्ट में कंगना ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी थी जिसमें उन्होंने टिम कुक से भारत में मैन्युफैक्चरिंग न करने को कहा था. कंगना ने लिखा था: "इस मोहभंग की क्या वजह हो सकती है?
वह अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, लेकिन दुनिया का सबसे पसंदीदा नेता भारतीय प्रधानमंत्री हैं.
ट्रंप का दूसरा कार्यकाल, लेकिन भारतीय प्रधानमंत्री का तीसरा कार्यकाल.
निस्संदेह ट्रंप अल्फा मेल हैं, लेकिन हमारे पीएम तो सब अल्फा मेल के बाप हैं.
आपको क्या लगता है? ये व्यक्तिगत जलन है या कूटनीतिक असुरक्षा?"
डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कतर के दोहा में आयोजित एक बिजनेस इवेंट के दौरान एप्पल की भारत में विस्तार योजनाओं पर टिप्पणी करते हुए कहा था, "मैंने टिम कुक से कहा, मेरे दोस्त, मैं तुम्हारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार कर रहा हूं. तुम $500 बिलियन लेकर आ रहे हो, लेकिन अब मुझे सुनने में आया कि तुम भारत में हर जगह फैक्ट्री खोल रहे हो. मैं नहीं चाहता कि तुम भारत में निर्माण करो. हां, अगर तुम भारत की देखभाल करना चाहते हो तो करो, क्योंकि भारत दुनिया का सबसे हाई टैरिफ नेशन है, यहां कुछ बेचना बहुत मुश्किल है."
हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि इस बातचीत का क्या नतीजा निकला या क्या एप्पल की भारत योजना में कोई बदलाव होगा. First Updated : Thursday, 15 May 2025