कर्नाटक के CM सिद्धारमैया ने ब्रेकफास्ट मीटिंग में किया इस्तीफे का ऐलान, दोपहर 3 बजे लोकभवन में राज्यपाल को सौपेंगे इस्तीफा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है. उन्होंने इस बात की घोषणा बेंगलुरु में सीएम आवास पर मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट के दौरान की है, हालांकि वे करीब 3 बजे अपना इस्तीफा पत्र सौपेंगे.

calender

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने मंत्रियों के साथ सीएम आवास पर बुलाई गई ब्रेकफास्ट मीटिंग में यह फैसला बताया. आज दोपहर करीब तीन बजे वे लोकभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने वाले हैं.

ब्रेकफास्ट मीटिंग में लिया फैसला

सिद्धारमैया ने सुबह 10:30 बजे कैबिनेट मंत्रियों की ब्रेकफास्ट बैठक बुलाई थी. इसी बैठक में उन्होंने इस्तीफे की घोषणा की. सूत्रों के अनुसार, बैठक का माहौल काफी भावुक रहा. मंत्रियों को इस अचानक फैसले की जानकारी देते हुए सिद्धारमैया ने पार्टी के बड़े फैसले का संकेत दिया. राज्यपाल थावरचंद गहलोत फिलहाल मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं, इसलिए सिद्धारमैया लोकभवन में राज्यपाल कार्यालय को इस्तीफा सौंपेंगे.

डीके शिवकुमार की राह हुई आसान

सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है. पिछले कई महीनों से कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व बदलाव को लेकर चर्चा चल रही थी. पार्टी हाईकमान ने सत्ता संतुलन और संगठन को मजबूत करने के लिए यह बदलाव किया माना जा रहा है. हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

दोनों नेताओं ने गले लगाकर दिखाई एकजुटता

एयरपोर्ट से सीधे सीएम आवास पहुंचने की खबरों के बीच सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की मुलाकात सबका ध्यान खींच रही है. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया. डीके शिवकुमार ने भावुक होकर सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. इस मुलाकात ने पार्टी में एकजुटता का संदेश दिया.

इडली-वड़ा के साथ राजनीतिक माहौल

ब्रेकफास्ट में इडली, वड़ा और चौ-चौ बाथ परोसा गया, लेकिन नाश्ते से ज्यादा अहम राजनीतिक संदेश था. बैठक में माहौल इतना भावुक हो गया कि डीके शिवकुमार की आंखें नम हो गई. उन्होंने सिद्धारमैया को गले लगाया और आशीर्वाद लिया.

डीके शिवकुमार के घर पर बढ़ी सुरक्षा

दूसरी तरफ डीके शिवकुमार के आवास के बाहर हलचल बढ़ गई है. बैरिकेडिंग की गई है, पुलिस बल तैनात किया गया है और मीडिया व आम लोगों के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है. इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि जल्द ही डीके शिवकुमार को पार्टी कमान सौंपी जा सकती है.

कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से चल रही नेतृत्व परिवर्तन की बहस अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई लग रही है. पूरे देश की नजरें इस घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं. सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद अगले मुख्यमंत्री की घोषणा कब होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा. First Updated : Thursday, 28 May 2026

Topics :