ED की रेड पर भड़के वाम समर्थक, विजयन के विरोध में पहुंचे अधिकारियों की गाड़ी पर किया हमला

केरल में पिनारयी विजयन से जुड़े मामले में ईडी की कार्रवाई का विरोध करते हुए वामपंथी कार्यकर्ताओं ने टीम की गाड़ी को बीच रास्ते रोक लिया और वाहन के शीशे तोड़ दिए. 

Yashika Jandwani

नई दिल्ली: केरल में बुधवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के विरोध में सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं ने एजेंसी की टीम पर हमला कर दिया. बता दें, यह कार्रवाई पूर्व मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन और उनके परिवार से जुड़े परिसरों पर रिश्वत मामले की जांच के सिलसिले में की गई थी. 

क्या है पूरा मामला 

जानकारी के मुताबिक, ईडी अधिकारियों को ले जा रहे एक वाहन को पार्टी कार्यकर्ताओं ने रास्ते में रोक लिया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गाड़ी की विंडशील्ड तोड़ दी. इतना ही नहीं घटना के दौरान वाहन में महिला अधिकारी भी मौजूद थी और इस दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. 

कितने स्थानों पर हुई छापेमारी 

दरअसल, ईडी ने राज्यभर में एक साथ 10 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें तिरुवनंतपुरम स्थित पिनारयी विजयन का सरकारी आवास, कन्नूर में उनका पैतृक घर और कोझिकोड में उनके दामाद व पूर्व मंत्री मोहम्मद रियास का घर भी शामिल था. छापेमारी शुरू होने के बाद विजयन और उनके परिवार के सदस्य घर के अंदर ही रहे, जबकि बाहर बड़ी संख्या में सीपीआई (एम) समर्थक जमा होकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. बता दें, प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षाकर्मियों पर प्लास्टिक की बोतलें, हेलमेट और पत्थर फेंके जाने की भी खबर है. हालांकि बाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. 

जांच एजेंसी का आरोप 

बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन के मामले में की गई है. जांच एजेंसी का आरोप है कि वर्ष 2018 और 2019 के बीच कंपनी ने विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, जबकि बदले में कोई सेवा नहीं दी गई.

वहीं यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही केरल हाईकोर्ट ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें ईडी की जांच प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की गई थी. इसी बीच अब देखना होगा कि राजयभर में ये मामला कब तक शांत होता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो