लेफ्टिनेंट जनरल NS राजा सुब्रमणि होंगे देश के नए CDS, वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन बने नए नौसेना प्रमुख
भारतीय सेना में बड़े बदलाव की तस्वीर साफ हो गई है. लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि अगले सीडीएस के रूप में जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है.

भारत सरकार ने सशस्त्र बलों में बड़े स्तर पर अहम नियुक्तियों का एलान किया है. लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किया गया है. मीडिया के मुताबिक, वह पदभार संभालने की तारीख से सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी जिम्मेदारी निभाएंगे.
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल इस वर्ष 30 मई को पूरा हो रहा है. इसके साथ ही भारतीय नौसेना में भी बड़ा बदलाव किया गया है. वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है.
वर्तमान में NSCS में निभा रहे अहम जिम्मेदारी
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि फिलहाल नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में सैन्य सलाहकार के तौर पर कार्यरत हैं. वह 31 जुलाई 2025 को भारतीय सेना के उप सेना प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए थे. करीब 39 वर्षों के लंबे सैन्य करियर में उन्होंने भारतीय सेना में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. वह सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं.
शानदार सैन्य सेवा के लिए मिले कई सम्मान
देश के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि को परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है. उन्हें 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन मिला था. अपने लगभग चार दशक लंबे सैन्य कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न संघर्ष क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सेवा दी.
ऑपरेशन राइनो से लेकर वेस्टर्न फ्रंट तक निभाई बड़ी जिम्मेदारियां
केंद्र सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, केंद्र सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, उन्होंने ऑपरेशन राइनो के तहत असम में आतंकवाद विरोधी अभियान में 16 गढ़वाल राइफल्स, जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड और चुनौतीपूर्ण परिचालन वातावरण के दौरान मध्य क्षेत्र में 17 माउंटेन डिवीजन की कमान संभाली। उन्हें पश्चिमी मोर्चे पर भारतीय सेना की प्रमुख स्ट्राइक कोर, 2 कोर की कमान संभालने का भी गौरव प्राप्त है.
लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि ने असम में ऑपरेशन राइनो के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों में 16 गढ़वाल राइफल्स की कमान संभाली थी. इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड और केंद्रीय सेक्टर में 17 माउंटेन डिवीजन का नेतृत्व भी किया.
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नए नौसेना प्रमुख
सरकार ने भारतीय नौसेना के लिए भी नई नियुक्ति की घोषणा की है. वर्तमान में वेस्टर्न नेवल कमांडर के रूप में कार्यरत वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है. वह 31 मई को नौसेना प्रमुख का पदभार संभालेंगे.
वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था. वह कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं.
देश-विदेश के प्रतिष्ठित सैन्य संस्थानों से प्राप्त की शिक्षा
वाइस एडमिरल स्वामीनाथन ने खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त किया है. इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र के करंजा स्थित कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर, ब्रिटेन के श्रिवेनहैम स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और अमेरिका के रोड आइलैंड स्थित यूनाइटेड स्टेट्स नेवल वॉर कॉलेज से भी शिक्षा हासिल की है.


