30 सेकंड में 27 चाकू के वार! थप्पड़ का बदला लेने के लिए दो नाबालिगों ने क्लास 10 के लड़के को कर दिया लहूलुहान
भोपाल में 16 साल के छात्र पर दो नाबालिगों ने क्रूर हमला किया. महज 30 सेकंड के अंदर उन्होंने चाकू और छुरी से 27 बार वार किए. सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इसका खुलासा हुआ है.

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. टीला जमालपुरा क्षेत्र के गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में 10वीं कक्षा के एक 16 साल के छात्र पर दो नाबालिगों ने क्रूर हमला किया.
महज 30 सेकंड के अंदर उन्होंने चाकू और छुरी से 27 बार वार किए. यह घटना 15 फरवरी की रात की है, लेकिन इसका सीसीटीवी वीडियो 22 फरवरी को सोशल मीडिया पर वायरल होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई.
फिल्मी स्टाइल में घुसकर किया हमला
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि दो नाबालिग आरोपी क्लब में बड़े ही ढीठ और फिल्मी अंदाज में दाखिल होते है. वे सीधे पीड़ित छात्र की ओर बढ़े, उसे घेर लिया और बिना किसी हिचकिचाहट के चाकू से लगातार वार करने लगे. हमला इतना तेज था कि पीड़ित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उस पर 27 वार हो चुके थे. हमलावर उतनी ही तेजी से भाग निकले जितनी तेजी से आए थे.
10 से ज्यादा गहरे घाव
पीड़ित छात्र के एक हाथ पर 10 से ज्यादा गहरे घाव आए है. उसकी दो उंगलियां कट गई. कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटे लगी है. इतने भयानक हमले के बावजूद छात्र किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर निकला और अस्पताल पहुंचा. वहां उसका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है.
थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में पता चला है कि पीड़ित और दोनों आरोपी एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ते हैं. कुछ दिन पहले स्नूकर (पूल) खेलते समय छोटी-मोटी कहासुनी हुई थी. वर्चस्व को लेकर विवाद बढ़ा और पीड़ित ने आरोपियों में से एक या दोनों को थप्पड़ मार दिया था. इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने यह सुनियोजित हमला किया. दोनों आरोपी भी 16 साल के हैं और 10वीं कक्षा में पढ़ते है.
आरोपियों ने खुद शेयर किया वीडियो
घटना के बाद टीला जमालपुरा पुलिस ने शुरुआत में मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की. दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर नोटिस देकर छोड़ दिया गया. सब-इंस्पेक्टर के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद चोटों की गंभीरता को देखते हुए और गंभीर धाराएं जोड़ी जाएंगी. वीडियो खुद आरोपियों द्वारा शेयर करने की बात से लोग और नाराज हैं.


