पहले हथौड़ा मारकर की हत्या, फिर मास खाकर पीया खून... मध्य प्रदेश में हैवानियत की सारी हदें पार
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी गुड्डा पटेल ने रॉड और हथौड़े से हमला किया. प्रत्यक्षदर्शियों ने हत्या के बाद उसके खून पीने का दावा किया, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई.

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद डरावनी और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी. इतना ही नहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने हत्या के बाद लड़के का खून पीने और शरीर से मांस नोचने की कोशिश भी की. इस घटना का वीडियो भी कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
यह सनसनीखेज घटना गुरुवार दोपहर दमोह जिले के समन्ना गांव में हुई. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि भरत भाई दूज के अवसर पर अपनी बहन से मिलने के लिए जा रहा था. इसी दौरान गांव के ही रहने वाले गुड्डा पटेल ने उस पर अचानक हमला कर दिया.
पुलिस के मुताबिक हमला दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ. आरोपी ने पहले पीछे से भरत के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार वार किया. इस वार के बाद भरत जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने हथौड़े से लगातार कई वार किए, जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया.
हत्या के बाद हैरान करने वाला व्यवहार
ग्रामीणों के अनुसार, किशोर के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी का व्यवहार बेहद विचित्र और डरावना हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि आरोपी भरत के सिर से निकल रहा खून पीने लगा. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वह शरीर से मांस नोचने की कोशिश कर रहा था. इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए. कई ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में गांव में तेजी से फैल गया.
ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा आरोपी
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा. ग्रामीणों ने बताया कि वह पास के खेतों की ओर भाग रहा था, लेकिन गांव वालों ने उसका पीछा किया और उसे घेर लिया. इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दे दी गई. पुलिस टीम के पहुंचने तक ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर रखा. हालांकि बताया जा रहा है कि पुलिस के सामने भी आरोपी का व्यवहार हिंसक था और वह आसपास मौजूद लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा था.
अस्पताल में मृत घोषित
घटना के बाद घायल किशोर को तुरंत दमोह जिला अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारी एचआर पांडे ने बताया कि लड़के के सिर पर रॉड और हथौड़े से गंभीर वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के पीछे कारण साफ नहीं
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी और पीड़ित के बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद नहीं था. परिवार के सदस्यों ने भी बताया कि भरत अपनी बहन के घर भाई दूज मनाने जा रहा था और उस पर अचानक हमला कर दिया गया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी गुड्डा पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने इतनी क्रूरता से हमला क्यों किया और उसके व्यवहार के पीछे क्या कारण हो सकता है.


