काला रंग बना विवाद की जड़! आईफोन- एसी की डिमांड से परेशान सास-बेटा पहुंचे SP ऑफिस

ग्वालियर में सामने आए एक अजीब पारिवारिक विवाद ने सबको चौंका दिया. मां-बेटा बहू की हरकतों से परेशान होकर एसपी ऑफिस पहुंचे. आरोप है कि बहू पति के रंग पर ताने देती, आईफोन, एसी की मांग करती और पूरी न होने पर आत्महत्या की धमकी देती थी.

calender

मध्य प्रदेश: एमपी के ग्वालियर से एक ऐसा पारिवारिक विवाद सामने आया है, जिसने घरेलू रिश्तों और पारिवारिक तनाव को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है. आमतौर पर पुलिस थानों में बहुओं के उत्पीड़न की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन इस बार मामला उल्टा देखने को मिला. यहां एक मां और उसका बेटा अपनी ही बहू से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की.

परिवार का आरोप है कि बहू बेटे के सांवले रंग को लेकर लगातार अपमानजनक टिप्पणियां करती थी. इतना ही नहीं, महंगे सामान की मांग पूरी न होने पर घर में विवाद और झगड़े बढ़ते चले गए. मामले को लेकर परिवार ने पुलिस को कुछ वीडियो भी सौंपे हैं, जिनमें कथित तौर पर घर के विवाद और बहू के व्यवहार की झलक दिखाई दे रही है. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

SP ऑफिस पहुंची मां-बेटे की शिकायत

पूरा मामला ग्वालियर के गोसपुरा इलाका 1 का बताया जा रहा है. यहां रहने वाली अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर के साथ एसपी ऑफिस पहुंचीं. मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही बहू लतेश माहौर का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं था. शुरुआत में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होते थे, लेकिन बाद में झगड़े बढ़ते चले गए. परिवार का कहना है कि बहू बेटे के रंग को लेकर ताने देती थी और उसे काला कहकर अपमानित करती थी. इससे कमल किशोर मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा.

iPhone और AC की मांग को लेकर बढ़ा विवाद

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बहू लगातार आईफोन, एसी और दूसरे महंगे सामान की मांग करती थी. मां अतर देवी के मुताबिक, जब भी मांग पूरी नहीं होती थी, तब घर में विवाद शुरू हो जाता था. कई बार स्थिति इतनी बिगड़ जाती थी कि आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो जाते थे. कमल किशोर का आरोप है कि पत्नी छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करती थी और पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी.

इतना परेशान करो कि तलाक दे दे

सास अतर देवी ने यह भी आरोप लगाया कि बहू के मायके वाले उसे लगातार भड़काते थे. परिवार के मुताबिक, बहू के माता-पिता कहते थे, इतना परेशान करो कि वे खुद तलाक देने पर मजबूर हो जाएं. परिवार का कहना है कि समय के साथ घर का माहौल और खराब होता चला गया. खाना बनाने और घरेलू कामों को लेकर भी अक्सर विवाद होने लगे. मां का आरोप है कि शादी में मिला जेवर और अन्य सामान भी बहू के कब्जे में है और वह अलग रहने का दबाव बना रही थी.

आत्महत्या की धमकी देने का भी आरोप

मामले में सबसे गंभीर आरोप आत्महत्या की धमकी को लेकर लगाया गया है. परिवार का दावा है कि बहू कई बार फांसी लगाने की धमकी दे चुकी है और दो बार ऐसा करने की कोशिश भी कर चुकी है. परिवार के मुताबिक, एक दिन पहले भी दुपट्टे से फंदा लगाने की कोशिश की गई थी.

इन घटनाओं के बाद परिवार डर और तनाव में रहने लगा. उन्हें आशंका थी कि कहीं कोई बड़ा कदम उठाकर पूरा मामला उनके खिलाफ न कर दिया जाए. इसी वजह से परिवार ने विवाद से जुड़े कुछ वीडियो सुरक्षित रख लिए, जिन्हें बाद में पुलिस अधिकारियों को सौंप दिया गया.

पहले थाने पहुंचे, फिर SP ऑफिस में लगाई गुहार

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद वे सीधे एसपी ऑफिस पहुंचे, जहां अधिकारियों ने शिकायत सुनकर मामले की जांच के निर्देश दिए. फिलहाल पुलिस परिवार द्वारा सौंपे गए वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी. First Updated : Wednesday, 27 May 2026