आज होगा ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमॉर्टम, 14 दिन बाद अंतिम संस्कार की उम्मीद

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आज दूसरा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा. दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम भोपाल पहुंच चुकी है, जबकि परिवार को 14 दिन बाद बेटी के अंतिम संस्कार की उम्मीद है. वहीं, आरोपी पति समर्थ सिंह से पुलिस पूछताछ भी जारी है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

भोपाल: मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आज बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है. ट्विशा का रविवार को दोबारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा, जिसके लिए दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम शनिवार रात भोपाल पहुंच चुकी है. पोस्टमॉर्टम भोपाल एम्स की मोर्चुरी में अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी.

ट्विशा की मौत को आज 14 दिन पूरे हो चुके हैं. ऐसे में परिवार को उम्मीद है कि दोबारा पोस्टमॉर्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा, ताकि बेटी का अंतिम संस्कार भोपाल में किया जा सके. वहीं, मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह से पुलिस रिमांड के दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रहेगी.

दिल्ली एम्स की टीम करेगी पोस्टमॉर्टम

कोर्ट के निर्देश पर AIIMS दिल्ली के निदेशक की मंजूरी से मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है. फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता की अगुआई में चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची है.

यह मेडिकल बोर्ड आधुनिक तकनीक और उपकरणों की सहायता से पोस्टमॉर्टम करेगा, ताकि मौत के कारणों को लेकर किसी तरह का संदेह न रह जाए. जानकारी के मुताबिक, टीम जरूरत पड़ने पर घटनास्थल का निरीक्षण भी कर सकती है.

परिजनों को आज अंतिम संस्कार की उम्मीद

ट्विशा के माता-पिता शुरुआत से ही दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे थे. इसी मांग को लेकर वे हाईकोर्ट पहुंचे थे, जहां शुक्रवार को अदालत ने दोबारा पोस्टमॉर्टम की अनुमति दे दी.

परिवार का मानना है कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा. इसके बाद भोपाल में ही अंतिम संस्कार किया जा सकता है.

पति समर्थ सिंह से जारी पूछताछ

मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल पुलिस रिमांड पर है. रिमांड के पहले दिन पुलिस ने उससे करीब दो घंटे तक पूछताछ की.

समर्थ ने पूछताछ में बताया कि 17 अप्रैल को ट्विशा की प्रेग्नेंसी कन्फर्म होने के बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा था. उसने यह भी कहा कि 12 मई को ट्विशा अजमेर जाना चाहती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. ट्विशा के भाई मेजर हर्षित की पोस्टिंग अजमेर में है.

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने शनिवार को समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है.

हाईकोर्ट परिसर से हिरासत में लिया गया था समर्थ

ट्विशा की मौत के बाद समर्थ सिंह फरार चल रहा था. उस पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.

शुक्रवार को जब वह हाईकोर्ट परिसर में सरेंडर करने पहुंचा, तब जबलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. इसके बाद उसे भोपाल पुलिस के हवाले किया गया और रात में कटारा हिल्स थाने लाया गया. बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया.

सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने भी ट्विशा शर्मा मौत मामले में स्वतः संज्ञान लिया है. कोर्ट ने 25 मई को सुनवाई तय की है.

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को "वैवाहिक घर में अस्वाभाविक मौत और जांच में कथित पक्षपात" से जुड़ा गंभीर मामला माना है. इससे संकेत मिलता है कि शीर्ष अदालत निष्पक्ष जांच को लेकर गंभीर है.

ट्विशा की सास को हाईकोर्ट का नोटिस

भोपाल पुलिस की टीम ने शनिवार को पूर्व जज गिरिबाला सिंह को हाईकोर्ट का नोटिस सौंपा. कोर्ट ने उन्हें 25 मई को अपना पक्ष रखने के लिए कहा है.

पुलिस का आरोप है कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं. इसी को लेकर पुलिस ने हाईकोर्ट का रुख किया था. साथ ही उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग भी की गई है.

शादी के पांच महीने बाद हुई मौत

ट्विशा शर्मा और समर्थ सिंह की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. समर्थ पेशे से क्रिमिनल लॉयर है. दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी की थी.

हालांकि शादी के केवल पांच महीने बाद, 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि ट्विशा के पति और सास ने मिलकर उसकी हत्या की है.

परिवार लगातार दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहा था. इसी वजह से उन्होंने एम्स से शव लेने से इनकार कर दिया था. वहीं, मध्य प्रदेश सरकार ने भी मामले में सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो