58 वीडियो, करोड़ों की संपत्ति और बड़े लोगों से कनेक्शन... ‘फर्जी गॉडमैन’ के राज से उठा पर्दा
नासिक में ‘गॉडमैन’ अशोक खरात को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया. जांच में 58 महिलाओं के संदिग्ध वीडियो और बड़े राजनीतिक कनेक्शन सामने आए, जिससे मामले ने गंभीर और सनसनीखेज रूप ले लिया है.

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक से सामने आया एक मामला लोगों की आस्था और विश्वास को झकझोर देने वाला है. खुद को आध्यात्मिक गुरु और ज्योतिषी बताने वाला अशोक खरात, जिसे लोग ‘कैप्टन’ के नाम से जानते थे, अब गंभीर आरोपों में पुलिस की गिरफ्त में है. एक महिला ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जिसके बाद इस पूरे मामले ने सामाजिक ही नहीं, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान एक जानकार ज्योतिषी और दैवी शक्तियों वाले व्यक्ति के रूप में बनाई थी. उसने लोगों की निजी समस्याओं का समाधान करने का दावा किया और इसी बहाने उनका भरोसा जीत लिया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पूजा-पाठ के नाम पर उसे नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ गलत काम किया. बताया जा रहा है कि वह लोगों को सम्मोहित करने जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर उनके विश्वास का फायदा उठाता था.
कौन है अशोक खरात?
अशोक खरात नासिक के पॉश इलाके कनाडा कॉर्नर में अपना ऑफिस चलाता था. इसके अलावा सिन्नर के मिरगांव में उसका मंदिर और एक बड़ा फार्महाउस भी था. इन जगहों पर वह लोगों को बुलाता था और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर उनसे मिलता था. उसकी छवि एक प्रभावशाली और जानकार गुरु की थी, जिसके कारण कई लोग उस पर आसानी से भरोसा कर लेते थे.
58 महिलाओं से जुड़े वीडियो का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को जो चीज सबसे ज्यादा चौंकाने वाली लगी, वह थी संदिग्ध वीडियो क्लिप्स. पुलिस को एक पेन ड्राइव मिली, जिसमें 58 अलग-अलग महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो होने की बात सामने आई है. यह भी पता चला है कि आरोपी ने अपने ऑफिस और फार्महाउस में गुप्त कैमरे लगा रखे थे. इन वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को डराने और ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाओं को तंत्र-मंत्र और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर करता था. इससे पीड़ित महिलाएं लंबे समय तक सामने नहीं आ पाईं. यह मामला अब सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है.
SIT करेगी गहराई से जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस टीम का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सतपुते कर रही हैं. पुलिस आरोपी से मिले वीडियो, दस्तावेज और अन्य सबूतों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.
राजनीतिक कनेक्शन से बढ़ा विवाद
इस मामले को और संवेदनशील बना रहे हैं आरोपी के कथित राजनीतिक और सामाजिक संबंध. कहा जा रहा है कि उसके संपर्क बड़े नेताओं, कारोबारियों और मशहूर हस्तियों तक थे. इसी कारण अब यह मामला राजनीतिक बहस का विषय भी बन गया है और कई नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी
आरोपी की गिरफ्तारी भी काफी नाटकीय रही. पुलिस ने गुप्त योजना बनाकर रात के समय उसके फार्महाउस के बाहर हलचल मचाई और उसी दौरान घर में प्रवेश कर उसे गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस को हथियार, कारतूस और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं, जो जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं.


