मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर सुप्रिया सुले की कार हादसे का शिकार, खुद सुनाई आपबीती
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एनसीपी (SP) नेता सुप्रिया सुले की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी, हालांकि हादसे में सभी लोग सुरक्षित बच गए.

पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले शनिवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर उनकी कार को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में सुप्रिया सुले समेत कार में मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं.
घटना के बाद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए पूरी घटना की जानकारी दी. उन्होंने इस हादसे को बेहद डरावना अनुभव बताया और लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की.
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर बताई घटना
सुप्रिया सुले ने 'एक्स' पर लिखा, "आज पुणे से मुंबई आते समय मुझे राजमार्ग पर एक भयावह अनुभव हुआ जब लापरवाही से वाहन चलाते हुए गुजरात के पंजीकरण नंबर वाले एक वाहन के चालक ने मेरी कार को बगल से टक्कर मार दी."
उन्होंने आगे कहा, "शुक्र है, सभी सुरक्षित हैं."
सुले ने इसे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है.
While travelling from Pune to Mumbai today, I had an awful experience on the highway when vehicle GJ13CF5257 rammed into my car from the side due to reckless driving. Thankfully, everyone is safe.
— Supriya Sule (@supriya_sule) May 9, 2026
Incidents like these are a serious reminder that overspeeding and negligence on… pic.twitter.com/WrOGsNzqLX
वाहन चालकों से की खास अपील
घटना के बाद सुप्रिया सुले ने लोगों से सीट बेल्ट पहनने, सतर्क रहने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की. उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर हर व्यक्ति को जागरूक होने की जरूरत है, ताकि राजमार्ग सभी के लिए सुरक्षित बने रहें.
उन्होंने टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की है.
अजित पवार की मौत के बाद बदला समीकरण
बता दें कि सुप्रिया सुले के चचेरे भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी. इसके बाद बारामती सीट पर उपचुनाव करवाए गए थे.
इस चुनाव में सुप्रिया सुले ने परिवार के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारा. वहीं, सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी.
राज्यसभा से सुनेत्रा पवार का इस्तीफा
बारामती उपचुनाव में जीत हासिल करने के दो दिन बाद सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना इस्तीफा उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को सौंपा.
यह जानकारी उनके बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार ने दी. लोकसभा चुनाव हारने के बाद सुनेत्रा पवार जून 2024 में राज्यसभा सदस्य बनी थीं.
‘मुख्यमंत्री बनकर पूरी करेंगी अजित दादा की इच्छा’
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के छोटे बेटे जय पवार ने राज्यसभा जाने की अटकलों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि वह बारामती में रहकर लोगों के लिए काम करेंगे.
मीडिया से बातचीत में जय पवार ने कहा, "बारामती के लोग और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कार्यकर्ता चाहते थे कि अजित पवार मुख्यमंत्री बनें, लेकिन उनके आकस्मिक निधन के कारण यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी. अब कार्यकर्ताओं और लोगों को उम्मीद है कि सुनेत्रा पवार मुख्यमंत्री बनकर अजित दादा की इच्छा पूरी करेंगी."


