महाराष्ट्र : मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को दो विमानों के बीच जमीन पर टक्कर की घटना हुई. एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों के दाहिने विंग टिप्स आपस में टकरा गए. यह हादसा तब हुआ जब दोनों विमान टैक्सीवे पर थे एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने की तैयारी में था, जबकि इंडिगो का विमान हैदराबाद से आकर लैंडिंग के बाद पार्किंग की ओर जा रहा था.
किसी को भी चोट नहीं आई, सभी यात्री सुरक्षित
आपको बता दें कि सौभाग्य से इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित रहे. एयर इंडिया ने आधिकारिक बयान में बताया कि कोयंबटूर जा रही फ्लाइट AI2732 के लिए निर्धारित विमान टैक्सीवे पर इंतजार कर रहा था, तभी दूसरे एयरलाइन के विमान से उसके विंग टिप का संपर्क हो गया. इससे एयर इंडिया के विमान के विंग टिप को नुकसान पहुंचा. सुरक्षा के मद्देनजर विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया. सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और ग्राउंड टीम उन्हें जल्द से जल्द वैकल्पिक उड़ान से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है.
फिलहाल विमान की रखरखाव जांच चल रही...
इस पूरे मामले पर इंडिगो ने भी घटना की पुष्टि की. कंपनी के अनुसार, हैदराबाद से मुंबई आने वाली फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी, तभी उसके विंग टिप का किसी अन्य एयरलाइन के विमान से संपर्क हो गया. सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया गया और विमान को पार्किंग में ले जाकर रखा गया. फिलहाल विमान की रखरखाव जांच चल रही है और जरूरी मरम्मत के बाद ही इसे दोबारा उड़ान के लिए तैयार किया जाएगा.
DGCA इस घटना की जांच करेगा
दरअसल, यह घटना मुंबई एयरपोर्ट पर व्यस्त समय में हुई, जहां कई उड़ानें एक साथ टैक्सीवे पर चल रही थीं. दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वे स्थिति को नियंत्रित करने और असुविधा कम करने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं. विमानन नियामक DGCA इस घटना की जांच करेगा ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
First Updated : Tuesday, 03 February 2026