आज संसद में पेश होगा राम मंदिर पर धन्यवाद प्रस्ताव, पीएम मोदी रखेंगे अपनी बात

Budget Session 2024 : आज संसद में राम मंदिर पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश होगा और दोनों सदनों में इस पर चर्चा की जाएगी. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन होगा.

Nisha Srivastava

Parliament Budget Session : संसद के बजट सत्र का शनिवार 10 फरवरी को यानी आज आखिरी दिन है. आज दोनों सदनों में राम मंदिर पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश होगा, जिसका थीम एक भारत, श्रेष्ठ भारत रखी गई है. ऐतिहासिक राम मंदिर निर्माण और 22 जनवरी, 2023 को अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा पर चर्चा होगी, इसी के साथ 17वीं लोकसभा की कार्यवाही समाप्त हो जाएगी. इन्हीं सभी मुद्दों पर राज्यसभा में भी चर्चा होगी. आज प्रस्ताव लाया जाएगा जिसमें मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन होगा. यह चर्चा लोकसभा के नियम 193 के तहत होगी और बीजेपी सासंद सत्यपाल सिंह इसे लोकसभा में पेश करेंगे.

लोकसभा में बोलेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर साढ़े 3 बजे लोकसभा में बोलेंगे. बीजेपी ने अपने सांसदों के लिए जारी व्हिप में बताया कि पीएम मोदी राम मंदिर पर लाए जाने वाले धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल सकते हैं. राज्यसभा में प्रस्ताव नियम 176 के तहत लाया जाएगा. राज्यसभा में बीजेपी सांसद लक्ष्मण, सुधांशु त्रिवेदी और राकेश सिन्हा इस प्रस्ताव को पेश करेंगे. चर्चा के लिए 4 घंटे का समय तय किया गया है. लोकसभा ने बुलेटिन जारी कर बताया कि सदन में शनिवार को राम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा होगी.

श्वेत पत्र पर बोल सकते हैं पीएम मोदी

जानकारी के अनुसार पीएम मोदी राम मंदिर के साथ-साथ आज संसद में UPA सरकार के समय लिए गए आर्थिक फैसलों पर लाए गए श्वेत पत्र पर अपनी बात रख सकते हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर पीएम मोदी ने विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस पर हमला बोला था. चुनाव से पहले लोकसभा में होने वाला पीएम मोदी का संबोधन काफी अहम माना जा रहा है. मोदी सरकार के इस कार्यकाल का ये आखिरी संसद सत्र है जिसका आज ही समापन होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag