15 मई से पहले नितिन नबीन करेंगे नई टीम का खुलासा, इन नामों पर चर्चा तेज
पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं, जिसकी रूपरेखा लगभग तैयार है. नई टीम में युवा नेताओं और अनुभवी चेहरों का संतुलन देखने को मिलेगा, जिसमें कई बड़े नामों को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है.

पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की तस्वीर साफ होने वाली है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, टीम की रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है. हालांकि, अंतिम फैसले चुनाव परिणामों को ध्यान में रखते हुए किए जाएंगे, जिससे कुछ नामों में बदलाव संभव है.
क्या मिलेगी युवा चेहरों को जिम्मेदारी?
पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं के अनुसार, नई टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलित मिश्रण देखने को मिल सकता है. बताया जा रहा है कि दो से तीन अनुभवी नेताओं के साथ कई नए और युवा चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से नितिन नबीन अब तक पुरानी टीम के साथ ही काम कर रहे थे, लेकिन अब वह अपने नेतृत्व में नई टीम बनाकर संगठन को नई दिशा देना चाहते हैं.
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, नई टीम की घोषणा 15 मई से पहले कभी भी की जा सकती है. नितिन नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्षों में से एक हैं. इसलिए उनकी टीम में युवा नेताओं की भागीदारी अधिक रहने की संभावना है. इस सूची में अनुराग ठाकुर का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है, जिनके पास संगठन और सरकार दोनों में काम करने का अच्छा अनुभव है.
दक्षिण भारत की राजनीति को ध्यान में रखते हुए तमिलनाडु में पार्टी अपनी रणनीति में बदलाव कर सकती है. अन्नाद्रमुक के अपेक्षा से कमजोर प्रदर्शन की आशंका के बीच भाजपा ‘एकला चलो’ की नीति अपनाने पर विचार कर रही है. ऐसे में के. अन्नामलाई को केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है. अन्नाद्रमुक के साथ तालमेल की जटिलताओं के चलते उन्हें पहले प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया गया था, लेकिन अब उनकी भूमिका नए सिरे से तय की जा सकती है.
पश्चिम बंगाल में भी पार्टी अपने संगठन को और मजबूत करने के प्रयास में है. यदि चुनाव में प्रदर्शन बेहतर रहता है तो राज्य से किसी युवा नेता को केंद्रीय टीम में शामिल किया जा सकता है. इस पर अंतिम निर्णय चुनाव परिणाम आने के बाद ही लिया जाएगा.
बिप्लब देव के नाम पर चर्चा
इसके अलावा, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव का नाम भी संभावित सदस्यों में शामिल बताया जा रहा है. उन्होंने विभिन्न राज्यों में चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाई है और अगले वर्ष त्रिपुरा में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है.
नई टीम में जहां युवाओं को अवसर मिलने की संभावना है. वहीं, कुछ मौजूदा महासचिवों को भी बरकरार रखा जा सकता है. इनमें सुनील बंसल का नाम प्रमुख है, जिन्होंने उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके अलावा, विनोद तावड़े और तरुण चुग जैसे नेताओं को भी उनकी पिछली जिम्मेदारियों और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए टीम में बनाए रखा जा सकता है.
कुल मिलाकर, भाजपा की नई टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन साधते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की जाएगी, जिससे आने वाले चुनावों में पार्टी की स्थिति मजबूत हो सके.


