ओडिशा: 6 हजार की शुरुआती सैलरी लेकिन करोड़ों की दौलत, विजिलेंस की छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा

ओडिशा में सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की कार्रवाई के दौरान कंधमाल जिले के बालीगुडा में तैनात सहायक कार्यकारी इंजीनियर बैकुंठनाथ बेहरा के ठिकानों पर करोड़ों रुपये की नकदी और कई संपत्तियों का पता चला है.

calender

नई दिल्ली: ओडिशा में सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपत्ति का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बता दें, कंधमाल जिले के बालीगुडा में तैनात सहायक कार्यकारी इंजीनियर बैकुंठनाथ बेहरा के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी और कई संपत्तियों का पता चला है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेहरा ने वर्ष 1999 में जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी और उस समय उनकी मासिक सैलरी करीब 6 हजार रुपये थी.

नौ स्थानों पर हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, विजिलेंस विभाग को बेहरा के खिलाफ उनकी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिली थी. इसके बाद भुवनेश्वर के विशेष सतर्कता न्यायाधीश द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर अधिकारियों ने एक साथ नौ स्थानों पर छापेमारी की. बता दें, कार्रवाई भुवनेश्वर, बारीपदा, जाजपुर जिले के धर्मशाला क्षेत्र और बालीगुडा में की गई. 

आलीशान इमारतों की मिली जानकारी 

वहीं जांच के दौरान अधिकारियों को भुवनेश्वर में कई आलीशान इमारतों और मकानों की जानकारी मिली  है. इनमें नीलाद्रि विहार स्थित चार मंजिला भवन, शैलाश्री विहार में तीन मंजिला मकान और कानन विहार फेज-1 में दो मंजिला आवास शामिल हैं. इसके अलावा 13 भूखंडों की पहचान भी की गई है, जिनमें से कई राजधानी भुवनेश्वर के प्रमुख इलाकों में स्थित बताए जा रहे हैं. 

लॉकर जांच में हुआ बड़ा खुलासा 

सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब बेहरा और उनके परिवार से जुड़े बैंक लॉकरों की जांच की गई. इस दौरान अधिकारियों ने लॉकरों से करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए है. इससे पहले उनके घर से भी लगभग 2.66 लाख रुपये नकदी जब्त की जा चुकी थी. वहीं सोने-चांदी के आभूषणों, बैंक जमा, डाक बचत योजनाओं और अन्य निवेशों का मूल्यांकन अभी जारी है  

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, बेहरा के रिश्तेदारों के घरों, कार्यालय और सरकारी आवास पर भी तलाशी अभियान जारी है. विभाग का कहना है कि सभी संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं. First Updated : Sunday, 07 June 2026