नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. उनके निधन की खबर से बांग्लादेश में शोक की लहर दौड़ गई है.
खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश साझा करते हुए खालिदा जिया के राजनीतिक योगदान और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनकी भूमिका को याद किया.
खराब तबीयत के चलते खालिदा जिया को 23 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वह लिवर सिरोसिस, गठिया, डायबिटीज के साथ-साथ किडनी, फेफड़े, दिल और आंखों से जुड़ी कई पुरानी बीमारियों से पीड़ित थीं. उनकी चिकित्सा देखरेख कार्डियोलॉजिस्ट शहाबुद्दीन तालुकदार की निगरानी में की जा रही थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और BNP चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे.
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर खालिदा जिया को हमेशा याद रखा जाएगा. उन्होंने बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में खालिदा जिया से हुई अपनी मुलाकात को भी याद किया. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी सोच और विरासत भारत-बांग्लादेश की साझेदारी को आगे भी दिशा दिखाती रहेगी.
First Updated : Tuesday, 30 December 2025