Operation Sindoor: बीते हफ्ते जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. इस हमले में निर्दोष लोगों की जान गई, जिससे पूरे देश में गुस्सा भर गया. देशवासियों की बस एक ही उम्मीद थी – कि भारत सरकार आतंकियों को करारा जवाब दे और आखिरकार हुआ भी ऐसा ही.
भारतीय सेना और वायुसेना ने मिलकर 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया और पाकिस्तान व पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया.
इन स्ट्राइक्स में पाकिस्तान के चार और POK के पांच बड़े आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया. ये वही ठिकाने थे, जहां से आतंकी गतिविधियों की प्लानिंग होती थी. भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अब देश किसी भी हमले को चुपचाप नहीं सहेगा.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की हालत खराब हो गई है. जहां एक ओर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भारत को जवाब देने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) और ISI चीफ असीम मलिक ने सीधे भारत के NSA अजीत डोभाल को फोन कर संपर्क साधा.
पाकिस्तान की इस ‘कॉल’ को जानकार कूटनीतिक घुटनों के बल आना मान रहे हैं. TRT वर्ल्ड नाम के एक चैनल को इंटरव्यू देते हुए पाकिस्तान के डिप्टी PM और विदेश मंत्री इशाक डार ने खुद इस बातचीत की पुष्टि की.
भारत की ओर से साफ कर दिया गया है कि यह कार्रवाई सिर्फ आतंकियों पर थी. भारतीय सेना ने न तो पाकिस्तान की आम जनता को कोई नुकसान पहुंचाया और न ही उनकी सेना को टारगेट किया. भारत का मकसद बदला लेना था, लेकिन जंग नहीं चाहिए – यह संदेश भी साफ तौर पर दुनिया को दे दिया गया.
भारत के इस साहसिक कदम के बाद पाकिस्तान के पीएम ने टीवी पर आकर कहा कि भारत ने उन पर जंग थोपी है और वे इसका जवाब देंगे. मगर सच यही है कि पाकिस्तान इस वक्त पूरी दुनिया के सामने बैकफुट पर खड़ा है.
दुनियाभर के देशों ने भी दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है. लेकिन भारत ने एक बार फिर दिखा दिया कि अब आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते.
ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि भारत का स्पष्ट संदेश है – अब हर हमले का जवाब उसी भाषा में मिलेगा. और पाकिस्तान को अब समझ आ गया है कि यह नया भारत है, जो पहले वार नहीं करता लेकिन जवाब ज़रूर देता है. First Updated : Thursday, 08 May 2025