पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर जताया शोक

दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक जताया और उनके योगदान को अमूल्य बताया. 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन हुआ, जिससे भारतीय संगीत जगत में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

देश की सुप्रसिद्ध और बहुमुखी गायिका आशा भोसले के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि भारतीय संगीत जगत ने अपनी एक अनमोल धरोहर खो दी है. उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले की आवाज न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में करोड़ों लोगों के दिलों को छूती रही है. दशकों तक चले उनके शानदार संगीत करियर ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.

प्रधानमंत्री ने क्या कहा? 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें आशा भोसले के साथ हुई मुलाकातों की यादें हमेशा संजोकर रखेंगे. उन्होंने उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गायकी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी और उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे.

आधुनिक भारतीय संगीत की सबसे महान गायिकाओं में शुमार आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में रविवार को निधन हो गया. बताया जा रहा है कि शनिवार रात उन्हें हृदय और सांस संबंधी दिक्कतों के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था. हालांकि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.

उनके बेटे आनंद भोसले ने रविवार दोपहर इस दुखद खबर की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि जो लोग अंतिम दर्शन करना चाहते हैं, वे सोमवार सुबह 11 बजे उनके घर पहुंच सकते हैं. इसके बाद शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने व्यक्त किया शोक 

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उनके जाने से संगीत जगत में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है. राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले का शानदार करियर भारतीय संगीत के एक पूरे युग को दर्शाता है. उनकी मधुर और सदाबहार आवाज ने कई पीढ़ियों तक लोगों का मनोरंजन किया और संगीत को समृद्ध बनाया.

राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी कहा कि उन्हें आशा भोसले के साथ हुई व्यक्तिगत मुलाकातों की यादें हमेशा याद रहेंगी. उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने अपने जीवन को अपनी शर्तों पर जिया और एक कलाकार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो