'अब दिल्ली दूर नहीं'... PM मोदी ने मिजोरम की पहली रेलवे लाइन का किया उद्घाटन, तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनें को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेलवे लाइन का उद्घाटन किया. उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई. इस ऐतिहासिक 8070 करोड़ रुपये की बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन के जरिए मिजोरम और देश के अन्य हिस्सों के बीच प्रत्यक्ष रेल संपर्क स्थापित होगा.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

PM Modi in Mizoram: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेलवे लाइन का उद्घाटन किया. यह ऐतिहासिक रेलवे लाइन, बैराबी-सैरांग, 8070 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है. इसे भारतीय रेलवे के सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स में से एक माना जाता है. 

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई. इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों जैसे रेलवे, सड़क, ऊर्जा और खेल आदि के लिए कई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी.

मिजोरम की पहली रेलवे लाइन 

बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन का निर्माण 2015 में शुरू हुआ था और यह 45 किलोमीटर लंबी है. इसमें कुल 45 सुरंगें, 55 बड़े और 87 छोटे पुल शामिल हैं. रेल लाइन का सबसे ऊंचा पायलेट पुल, ब्रिज नंबर 144, सैरांग के पास स्थित है, जिसकी ऊंचाई 114 मीटर है, जो कुतुब मीनार से भी ऊंचा है.

इस नई लाइन के माध्यम से मिजोरम और देश के अन्य हिस्सों के बीच प्रत्यक्ष रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे नागरिकों को सुरक्षित, तेज और किफायती यात्रा का अवसर मिलेगा. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, यह रेलवे लाइन समय पर खाद्य सामग्री, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी और क्षेत्रीय पहुंच व लॉजिस्टिक क्षमता में सुधार लाएगी.

यात्री और माल परिवहन में सुधार

अधिकारियों के अनुसार, इस रेलवे लाइन से यात्री और माल परिवहन दोनों में सुधार होगा. यात्रा का समय घटेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे. साथ ही, यह मिजोरम की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी पूरा करेगा.

इस नई रेलवे लाइन और सड़क परियोजनाओं से मिजोरम की कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक क्षमता में सुधार होगा. इससे न केवल यात्रा और माल परिवहन सुगम होगा, बल्कि पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी मजबूती मिलेगी.

तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. इनमें शामिल हैं...

  • आइजॉल (सैरांग) – दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) राजधानी एक्सप्रेस

  • सैरांग – गुवाहाटी एक्सप्रेस

  • सैरांग – कोलकाता एक्सप्रेस

रेल मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिजोरम की राजधानी को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली तीन रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई."

अन्य विकास परियोजनाओं की भी रखी आधारशिला

प्रधानमंत्री मोदी ने कई अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी.

  • आइजॉल बाईपास रोड (45 किलोमीटर, 500 करोड़ रुपये): PM-DevINE योजना के तहत, इस रोड से आइज़ॉल शहर में ट्रैफिक कम होगा और लुन्गलेई, सिया, लॉन्गतलाई, लेंगपूई एयरपोर्ट और सैरांग रेलवे स्टेशन से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

  • थेंजावल-शियालसुक रोड: NESIDS योजना के तहत हर्टीकल्चर किसानों, ड्रैगन फ्रूट उत्पादकों, धान और अदरक प्रोसेसर्स को लाभ मिलेगा.

  • खांकांव-रोंगुरा रोड (सर्चिप जिला): स्थानीय किसानों और हर्टीकल्चर उत्पादकों को बाजार तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगा और अदरक प्रोसेसिंग प्लांट का समर्थन करेगा.

इसके अलावा, पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया या आधारशिला रखी-

  • लॉन्गतलाई-सिया रोड पर छिमतुईपूई ब्रिज

  • खेल विकास के लिए खेलो इंडिया मल्टीपर्पज इंडोर हॉल

  • मौलखांग आइज़ॉल में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट

  • कवार्थाह, PMJVK योजना के तहत रिहायशी स्कूल

  • त्लांग्नुआम में एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag