कोलकाता से पीएम मोदी का बड़ा हमला, 'बंगाल से खत्म होगा जंगलराज'

कोलकाता में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में बदलाव तय है और जल्द ही कानून का राज स्थापित होगा.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं. इस दौरान उन्होंने करीब 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इन परियोजनाओं में सड़क, रेलवे और पोर्ट से जुड़े बुनियादी ढांचे के काम शामिल हैं. 

संबोधन में पीएम ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे पूर्वी भारत के विकास को नई गति मिलेगी. साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा. अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में रेलवे को आधुनिक बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है और केंद्र सरकार चाहती है कि पश्चिम बंगाल भी इस विकास यात्रा में पीछे न रहे. 

उन्होंने बताया कि राज्य में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने और नई सुविधाएं विकसित करने के लिए केंद्र लगातार निवेश कर रहा है. उनके मुताबिक इन परियोजनाओं से परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. विकास कार्यों के जिक्र के साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बंगाल में बदलाव की मांग अब साफ तौर पर दिखाई देने लगी है. लोगों के मन में परिवर्तन की भावना मजबूत हो चुकी है और राज्य में कथित अव्यवस्था और अराजकता का अंत तय है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी सत्ता जाते देख घबराई हुई है और बदलाव को रोकने की कोशिश कर रही है.

पश्चिम बंगाल के भविष्य पर क्या बोले पीएम?

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में पश्चिम बंगाल में फिर से कानून का राज स्थापित होगा. उन्होंने चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों और अत्याचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उनके अनुसार राज्य की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और एक नए बंगाल की शुरुआत का समय आ गया है.

अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी रैली में लोगों की भागीदारी रोकने के लिए राज्य सरकार ने कई तरह की बाधाएं खड़ी करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि लोगों को सभा स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुल बंद कराए गए, वाहनों की आवाजाही रोकी गई और भाजपा के झंडे व पोस्टर हटाए गए. इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग रैली में पहुंचे.

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जनसमर्थन दिखाता है कि राज्य की जनता विकास और बदलाव चाहती है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में विकास, कानून व्यवस्था और सुशासन को नई दिशा मिलेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो