अमेरिका के टेक्सास में विमान क्रैश, 5 लोगों की मौत

टेक्सास के विम्बरली इलाके में एक छोटा सेसना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई. विमान अमरिलो से न्यू ब्रौनफेल्स जा रहा था और हादसे के कारणों की जांच जारी है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

टेक्सास के हिल कंट्री क्षेत्र में एक दर्दनाक विमान हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार देर रात हुई, जब एक छोटा निजी विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा विम्बरली शहर के पास हुआ, जो ऑस्टिन से करीब 65 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित है. स्थानीय प्रशासन ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

रुबेन बेसेरा ने क्या कहां?

हेज़ काउंटी के न्यायाधीश रुबेन बेसेरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि राहत और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका. संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान सेसना 421सी था, जो रात करीब 11:25 बजे हादसे का शिकार हुआ. इस विमान ने टेक्सास के अमरिलो शहर से उड़ान भरी थी और इसका गंतव्य न्यू ब्रौनफेल्स राष्ट्रीय हवाई अड्डा था.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान दुर्घटना से पहले काफी तेज गति में था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पायलट को नियंत्रण बनाए रखने में कठिनाई हुई होगी. हालांकि हादसे के सही कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मृतकों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया पूरी होने तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

 पायलट ने क्या बताया? 

इस घटना के दौरान एक और विमान भी उसी क्षेत्र में उड़ान भर रहा था, जो सुरक्षित तरीके से न्यू ब्रौनफेल्स हवाई अड्डे पर उतर गया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, एक पायलट ने बताया कि वह दुर्घटनाग्रस्त विमान के पायलट के साथ संपर्क में था, लेकिन अचानक उससे संपर्क टूट गया. कंट्रोल रूम से मिली जानकारी में यह भी सामने आया कि विमान अनियमित रूप से उड़ने लगा था और कुछ ही समय बाद रडार से गायब हो गया.

घटना के बाद एक पायलट ने यह भी पुष्टि की कि विमान के आपातकालीन लोकेटर ट्रांसमीटर ने संकट संकेत भेजा था, जिसके आधार पर अधिकारियों ने तुरंत 911 पर कॉल कर आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया. राष्ट्रीय मौसम सेवा के अनुसार, दुर्घटना के समय क्षेत्र में बादल छाए हुए थे, हालांकि गंभीर तूफान बाद में आया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो