जबलपुर क्रूज हादसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हुई लापरवाही, सामने आया चौंकाने वाला वीडियो

जबलपुर में हुए इस हादसे से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें क्रूज राइड के दौरान सेफ्टी नॉर्म्स को लेकर हुई लापरवाही पर भी कई सवाल खड़े हो गए है.

Shraddha Mishra

गुरुवार शाम को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए भयानक क्रूज हादसे अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी हैं जबकि कई लोगों के अभी भी लापता होने की खबर है. इसी बीच जबलपुर में हुए इस हादसे से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग मस्ती के मूड में दिख रहे है. हालांकि क्रूज राइड के दौरान सेफ्टी नॉर्म्स को लेकर हुई लापरवाही पर भी कई सवाल खड़े हो गए है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. 

लोगों ने नहीं पहनी लाइफ जैकेट

हादसे से पहले सामने आए एक वीडियो में यह साफ देखा जा सकता है कि क्रूज पर सवार ज्यादातर लोगों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई है. इतना ही नहीं तेज हवाओं और बिगड़ते मौसम के बावजूद सभी लोग क्रूज पर ही मौजूद रहें. इस बीच सवाल ये उठता है कि यह देखते हुए कि इस क्रूज पर छोटे बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग महिलाओं तक, हर उम्र के यात्री सवार है, तो क्या उनकी सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता नहीं होनी चाहिए थी? क्या क्रूज पर सवार लोगों को लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी?

वहीं अगर उन यात्रियों को लाइफ जैकेट दी जाती तो क्या उनमें से कई लोगों की जान नहीं बचाई जा सकती थी? ऐसे कई सवाल सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा उठाए जा रहे हैं. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, अब तक बरामद किए गए नौ शवों में से आठ ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी.

दिल दहलाने वाली सामने आई तस्वीरें 

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद, जैसे-जैसे समय बीत रहा है, जीवित लोगों के मिलने की उम्मीदें लगातार कम होती जा रही हैं. इसी बीच, घटनास्थल से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है. इस तस्वीर में एक छोटी बच्ची को रोती हुई एक महिला से लिपटा हुआ देखा जा सकता है. पास ही खड़े एक अन्य व्यक्ति को भी बेकाबू होकर रोते हुए देखा जा रहा है. ये तस्वीरें सचमुच बेहद दुखद और विचलित करने वाली हैं.

सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे से प्रभावित परिवारों में से एक परिवार दिल्ली का था. इस परिवार में पति, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी शामिल थे. हादसे के दौरान, पिता और बेटी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि मां और बेटा क्रूज शिप के अंदर ही फंसे रह गए.


 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो