नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 27 मई 2026 को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि गडकरी भारत को अगली पीढ़ी का इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए किए जा रहे प्रयासों में सबसे आगे हैं। उन्होंने गडकरी के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
प्रधानमंत्री के संदेश का जवाब देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि आदरणीय नरेंद्र भाई की शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व लगातार प्रेरित करता है कि राष्ट्र के विकास और प्रगति के लिए समर्पण के साथ काम किया जाए।
27 मई 1957 को नागपुर में जन्मे नितिन गडकरी सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय का सबसे लंबे समय तक कार्यभार संभालने वाले केंद्रीय मंत्री हैं। वे पिछले 12 साल से ज्यादा समय से इस मंत्रालय को देख रहे हैं।
गडकरी एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने लगातार तीन कार्यकाल तक इस मंत्रालय का नेतृत्व किया है। उनके कार्यकाल में देश में हाईवे निर्माण की रफ्तार कई गुना बढ़ी है और कई बड़े एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं।
गडकरी को जन्मदिन पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने भी बधाई दी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स पर लिखा कि गडकरी को लंबे जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और राष्ट्र सेवा में निरंतर सफलता की कामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गडकरी को बीजेपी परिवार का वरिष्ठ सदस्य, दूरदर्शी और समर्पित जननेता बताया। उन्होंने भगवान श्री सिद्धिविनायक से गडकरी के स्वस्थ, लंबे और रोगमुक्त जीवन की प्रार्थना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उन्हें महान नेता बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। First Updated : Wednesday, 27 May 2026