Chandrayaan 3: अभिनेता प्रकाश राज ने चंद्रयान-3 को लेकर सोशल मीडिया पर किया पोस्ट, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Chandrayaan 3: चंद्रयान-3 का लॉन्च सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई, 2023 शुक्रवार को भारतीय समय अनुसार दोपहर 2:35 बजे हुआ था. यह 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने को तैयार है.

हाइलाइट
- अभिनेता ने चंद्रयान 3 को लेकर ट्विटर पर पोस्ट किया था एक कार्टून
- कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने प्रकाश राज की ट्वीट की निंदा की
Chandrayaan 3: कर्नाटक के बागलकोट जिले के पुलिस स्टेशन में अभिनेता प्रकाश राज (Prakash Raj) के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. दरअसल अभिनेता पर यह आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में चंद्रयान-3 का मजाक उड़ाया था. पुलिस ने जानकारी दी है कि चंद्रयान-3 मिशन पर पोस्ट के लिए अभिनेता प्रकाश राज के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी. उन्होंने बताया कि हिंदू संगठन के नेताओं ने बागलकोट जिले के बनहट्टी पुलिस स्टेशन में अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है.
बता दें कि अभिनेता प्रकाश राज ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक कार्टून शेयर किया था. जिसमें एक व्यक्ति शर्ट पहने हुए है और कमर पट्टे से एक बर्तन में चाय डाल रहा है. उन्होंने तस्वीर के साथ कन्नड में लिखा, ‘‘ताजा खबर: चंद्रयान से पहली तस्वीर आई है. # विक्रमलैंडर # बस पूछ रहा हूं.''
ತಾಜಾ ಸುದ್ದಿ :~
ಚಂದ್ರಯಾನದಿಂದ ಈಗಷ್ಟೇ ಬಂದ ಮೊದಲ ದ್ರಶ್ಯ .. #VikramLander #justasking pic.twitter.com/EWHcQxc1jA— Prakash Raj (@prakashraaj) August 20, 2023
कांग्रेस नेता अभिषेक सिंघवी की निंदा
कार्टून में दिख रहे व्यक्ति के बारे में अभिनेता ने विशेष तौर पर कुछ नहीं लिखा था लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के सिवन के मजाक के तौर पर लिया और अभिनेता को आड़े हाथ लिया. अभिनेता को आड़े हाथ लेने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी भी शामिल हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रकाश राज की इस शर्मनाक ट्वीट के लिए निंदा करता हूं. इसरो की सफलता भारत की सफलता है.''
23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर उतरेगा चंद्रयान
चंद्रयान-3 का लॉन्च सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा से 14 जुलाई, 2023 शुक्रवार को भारतीय समय अनुसार दोपहर 2:35 बजे हुआ था और यह 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने को तैयार है. यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला लैंडर होगा. इसरो ने रविवार को बताया कि विक्रम रोवर 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के सतह पर उतरेगा. अभिनेता ने सोमवार को ‘एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उनकी पूर्व पोस्ट पुराने परिहास का संदर्भ था जो 1969 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और चंद्रमा पर पहली बार कदम रखने वाले नील आर्मस्ट्रांग के समय का है.


