अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा... अमेरिका के 25 % टैरिफ ऐलान पर भारत का पहला रिएक्शन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. सरकार ने कहा है कि वह इस फैसले की समीक्षा कर रही है और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी. भारत ने साफ किया है कि वह किसी दबाव में नहीं झुकेगा और अमेरिका के साथ निष्पक्ष व्यापार समझौते को लेकर संवाद जारी रहेगा.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सभी उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है. यह निर्णय उन्होंने बिना किसी पूर्व सहमति के, एकतरफा रूप से लिया. ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे ऊंचे टैरिफ लगाने वाले देशों में से एक है और इसी वजह से अमेरिका को व्यापार में नुकसान उठाना पड़ा है.
भारत की पहली प्रतिक्रिया
इस घोषणा के बाद भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि वह इस निर्णय की गहराई से समीक्षा कर रही है. विदेश मंत्रालय और वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि वे राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई की जाएगी. सरकार ने यह भी कहा कि देश किसी भी बाहरी दबाव के आगे नहीं झुकेगा.
व्यापार समझौते पर बातचीत जारी
सरकार ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से एक निष्पक्ष और परस्पर लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है. भारत इस दिशा में रचनात्मक संवाद के ज़रिए समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है. यह भी बताया गया कि भारत पहले ही ब्रिटेन के साथ एक सफल व्यापार समझौता कर चुका है, जिससे यह उम्मीद की जा सकती है कि अमेरिका के साथ भी स्थिति बेहतर हो सकती है.
किसानों और MSME की रक्षा प्राथमिकता
सरकार ने दोहराया कि वह देश के किसानों, छोटे व्यापारियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. ऐसे किसी भी निर्णय से भारतीय उत्पादकों को नुकसान न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
भारत ने अमेरिका के इस कठोर निर्णय को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सरकार न केवल स्थिति की गंभीरता से समीक्षा कर रही है, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रही है कि देश का स्वाभिमान और आर्थिक हित सुरक्षित रहें. इस पूरी घटना ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार रिश्तों में एक नया मोड़ ला दिया है, और आने वाले समय में भारत की रणनीति अहम भूमिका निभाएगी.


