Punjab Health Scheme: पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की शुरुआत कर दी है. इस योजना के तहत राज्य के सभी नागरिकों को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में यह योजना पंजाब के करीब 3 करोड़ निवासियों के लिए सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी साबित होगी. इस महत्वाकांक्षी पहल का औपचारिक शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने किया. इस योजना का मकसद पंजाब के हर परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है जिससे कोई भी व्यक्ति महंगे इलाज के कारण आर्थिक रूप से कमजोर न हो. कैशलेस सुविधा के तहत सरकारी और निजी दोनों ही अस्पतालों में इलाज मुफ्त होगा, जिससे मरीजों को वित्तीय चिंता से राहत मिलेगी.
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की शुरुआत तरनतारन और बरनाला जिलों से की गई है. राज्य स्वास्थ्य एजेंसी कार्यालय से ऑनलाइन उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और सरल बनाई गई है ताकि हर नागरिक इसे आसानी से अपना सके. पहले ही दिन 1480 परिवारों ने इस योजना के तहत पंजीकरण कराकर विश्वास जताया.
डॉ. बलबीर सिंह ने इस दिन को पंजाब के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि पंजाब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जो अपनी किसी भी आय वर्ग की जनता को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करता है.
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके तहत लाभार्थी न केवल सरकारी अस्पतालों बल्कि राज्य के 500 से अधिक सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस इलाज का लाभ उठा सकेंगे. इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी, जिससे बड़ी से बड़ी सर्जरी या उपचार के लिए किसी को अपनी संपत्ति बेचने या कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
पंजाब सरकार ने पंजीकरण प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया है. योजना का लाभ पाने के लिए केवल आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड की आवश्यकता है. इसके साथ ही इस योजना में किसी भी आय सीमा का प्रावधान नहीं है, जिससे समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके.
योजना में कुल 2300 से अधिक स्वास्थ्य पैकेज शामिल हैं. इसमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी, लीवर की बीमारियों से जुड़ी जटिल सर्जरी के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं और दुर्घटना उपचार भी शामिल हैं. मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल कायम कर रहा है. First Updated : Thursday, 25 September 2025