‘बंदे खाकर डकार नहीं मारती...’ भाजपा पर भड़के पंजाब के CM भगवंत मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि ये पंजाब की इमेज खराब करने की कोशिश है। भाजपा ने पंजाबियों के साथ गद्दारी की। पंजाब में अच्छे काम रोकने की कोशिश की जा रही है।

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा हमला बोला है। नीदरलैंड दौरे से लौटने के बाद मान ने भाजपा को आड़े हाथों लिया और पार्टी पर पंजाब की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
CM मान ने कहा कि BJP पंजाब में अच्छे कामों को रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पंजाब में न तो अपना कोई एजेंडा है और न ही कोई चेहरा। सीएम भगवंत मान ने भाजपा को 'बंदेखानी' पार्टी तक कह दिए।
पंजाबियों के साथ गद्दारी कर रही भाजपा- मान
आपको बताते चलें कि सीएम भगवंत मान ने कहा, “ये पंजाब की इमेज खराब करने की कोशिश है। भाजपा ने पंजाबियों के साथ गद्दारी की। पंजाब में अच्छे काम रोकने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी के पास अपना कुछ नहीं है, पंजाब में कोई चेहरा नहीं है। भाजपा ‘बंदेखानी’ पार्टी है, ये बंदे खाकर डकार नहीं मारते।”
मान ने राघव चड्ढा पर साधा निशाना
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने AAP नेता राघव चड्ढा का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अब उनका पार्टी में दम घुटने लगा है। पार्टी ने उन्हें इतना कुछ दिया तो उसका तो मान रखो। भाजपा कोई डेमोक्रेटिक पार्टी नहीं है। बंगाल में ममता बनर्जी को तंग कर रहे हैं। इनके पास सिर्फ ईडी और सीबीआई है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि पंजाब के लोग हमारे साथ हैं।”
मान ने आगे कहा, “कुछ दिन पहले तो रवनीत बिट्टू राघव चड्ढा को भला बुरा कह रहा था, अब एक साथ कैसे बैठेंगे। ये पंजाब के गद्दार हैं। इन्हें पंजाब के लोग सजा देंगे। इनके जाने से भाजपा मजबूत नहीं होगी। उसमें तो कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल हुए थे। वे ही अब कह रहे हैं कि उनकी कोई बात नहीं सुनती।”
पार्टी बड़ी होती है, नेता नहीं- मान
गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे यह भी कहा, “पार्टी बड़ी होती है, उसके नेता नहीं। ऐसी कोई करेंसी नहीं बनी जो भगवंत मान को खरीद सके। थोड़ा दुख हुआ है, लेकिन समंदर में से एक लोटा पानी कम हो जाए तो कोई फर्क नहीं पड़ता। जो पंजाब के नहीं हुए, वे भाजपा के क्या होंगे। पार्टी ने सभी को मान दिया, लेकिन किसी के दिल में क्या है, हम नहीं जान सकते।”


