डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का पहला पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल

AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटा दिया, जिसके बाद उन्होंने बिना विवाद का जिक्र किए अपने कामों का वीडियो शेयर किया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को एक अहम संगठनात्मक फैसला लेते हुए पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को सदन में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया. पार्टी ने इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर यह भी अनुरोध किया है कि चड्ढा को पार्टी के कोटे के तहत बोलने का समय न दिया जाए. इस निर्णय के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई, लेकिन राघव चड्ढा की ओर से किसी तरह की नाराजगी या असहमति खुलकर सामने नहीं आई.

चड्ढा ने एक्स पर साझा किया वीडियो 

फैसले के तुरंत बाद चड्ढा ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में उन्होंने अपनी पद से हटाए जाने की बात या पार्टी नेतृत्व के साथ किसी विवाद का जिक्र नहीं किया. इसके बजाय वीडियो में उनके द्वारा राज्यसभा में उठाए गए विभिन्न जनहित के मुद्दों की झलक दिखाई गई है. ये क्लिप्स पहले भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे थे और लोगों के बीच तेजी से वायरल हुए थे.

वीडियो में चड्ढा को आम नागरिकों से जुड़े अहम विषयों पर बोलते हुए दिखाया गया है. इनमें मोबाइल डेटा पैक की वैधता, क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर काम करने वाले गिग वर्कर्स की स्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे मुद्दे शामिल हैं. उन्होंने मोबाइल रिचार्ज प्लान को 28 दिनों की बजाय पूरे महीने के लिए मान्य करने और बचा हुआ डेटा आगे ले जाने की भी बात रखी थी.

गिग वर्कर्स के मुद्दे पर क्या बोले चड्ढा?

गिग वर्कर्स के मुद्दे पर उन्होंने ब्लिंकिट, जोमैटो और स्विगी जैसी कंपनियों के डिलीवरी कर्मचारियों के कम वेतन, दबावपूर्ण कामकाजी परिस्थितियों और सामाजिक सुरक्षा की कमी को लेकर चिंता जताई. इसके अलावा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के हितों की रक्षा के लिए कॉपीराइट कानून में बदलाव की मांग भी की.

स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने “वन नेशन, वन हेल्थ ट्रीटमेंट” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट और उसमें खतरनाक रसायनों के इस्तेमाल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने हवाई अड्डों पर सस्ती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया.

उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. महज एक घंटे में लाखों लोगों ने वीडियो देखा, हजारों ने इसे पसंद किया और बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी. इसके अलावा उन्होंने बैंक पेनल्टी खत्म करने, संयुक्त आयकर रिटर्न और पितृत्व अवकाश को कानूनी अधिकार बनाने जैसे सुझाव भी दिए, जो आम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो