नई दिल्लीः भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच नौ राज्यों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के लिए अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में अचानक गिरावट आने की संभावना है. इसके अलावा सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जो विजिबिलिटी को प्रभावित कर सकता है और यातायात में बाधा डाल सकता है.
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, 23 जनवरी से हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. अगले तीन-चार दिनों तक घना कोहरा बना रह सकता है, लेकिन फिलहाल ठंड की लहर (Cold Wave) की चेतावनी नहीं दी गई है.
उत्तर प्रदेश में 20 जनवरी को 10 से अधिक शहरों के लिए ठंड की चेतावनी जारी की गई है. अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बरेली, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ जैसे शहरों में सुबह के समय 10-15 किलोमीटर प्रति घंटा की ठंडी हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने का अनुमान है. 22 से 25 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
बिहार में 20 जनवरी से मौसम में बदलाव की उम्मीद है. पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, सीवान, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज और खगड़िया में तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट हो सकती है. पटना में आज अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
हरियाणा में सर्दी का प्रभाव 26 जनवरी तक बना रह सकता है. पंजाब के अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, बठिंडा, फिरोजपुर और होशियारपुर जिलों में 20 से 22 जनवरी तक घना कोहरा रह सकता है. 23 जनवरी से पंजाब के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है.
जम्मू-कश्मीर में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 22 से 25 जनवरी के बीच भारी बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट है. राजस्थान के कई जिलों में 22 और 23 जनवरी को बारिश होने की संभावना है. सीकर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर और श्रीगंगानगर जैसे शहरों में तापमान में गिरावट देखी जा सकती है.
मध्य प्रदेश में 21 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना है. 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश के कारण भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे शहरों में तापमान में गिरावट हो सकती है.
उत्तराखंड में 20 जनवरी से मौसम बिगड़ सकता है. कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उधम सिंह नगर में 23 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी 23 जनवरी से भारी बारिश और बर्फबारी से सामान्य जीवन प्रभावित हो सकता है. शिमला में अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 2 डिग्री रहने का अनुमान है. वहीं, मनाली में अधिकतम तापमान -3 और न्यूनतम -15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. First Updated : Tuesday, 20 January 2026