TCS कन्वर्जन केस: निदा खान के पति ने पुलिस को दी लोकेशन, लेकिन घर मिला बंद
टीसीएस ने शुक्रवार को एक्स पर एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि नीदा खान न तो एचआर मैनेजर हैं और न ही भर्ती प्रक्रिया की जिम्मेदारी संभालती हैं.

नासिक स्थित टीसीएस यूनिट में जबरन धार्मिक परिवर्तन के मामले में आरोपी निदा खान पिछले एक हफ्ते से फरार चल रही हैं. उनके पति मोइन नवेद इकबाल खान ने पुलिस को उनके ठिकाने को लेकर बार-बार अपना बयान बदल दिया है, जिससे जांच और जटिल हो गई है.निदा खान टीसीएस नासिक यूनिट में कार्यरत थीं. दो महीने पहले उन्हें मुंबई के मालाड और हिरानंदानी कार्यालय में ट्रांसफर कर दिया गया था. इसी दौरान उनके पति को थाने के मुंब्रा में अमेजन वेब सर्विसेज में लॉजिस्टिक्स ऑफिसर की नौकरी मिली थी. परिवर्तन मामले में नाम आने के बाद कंपनी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया और वे गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गईं.
पति ने क्यों बदला बयान?
शुक्रवार को पुलिस ने निदा खान के पति से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि निदा 14 अप्रैल को घर छोड़कर किसी रिश्तेदार के यहां चली गई थीं. जब पुलिस उस रिश्तेदार के घर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला और दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ थे. बाद में पति ने पुलिस को बताया कि निदा की आंटी नूरी शेख उन्हें इस हफ्ते की शुरुआत में नासिक ले गई थीं. उन्होंने दावा किया कि फिलहाल उन्हें निदा खान के ठिकाने की कोई जानकारी नहीं है.
Public statement by Mr. K. Krithivasan, Chief Executive Officer and Managing Director, related to the recent matter in Nashik. All details here: https://t.co/sOEGI7jmtV pic.twitter.com/iTfu1yeCuz
— Tata Consultancy Services (@TCS) April 17, 2026
TCS नासिक में परिवर्तन और यौन उत्पीड़न का मामला
यह मामला तब सामने आया जब टीसीएस नासिक ब्रांच की एक महिला कर्मचारी ने अपने सहकर्मी दानिश शेख पर 2022 में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया. पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, उस समय दानिश शेख पहले से ही शादीशुदा थे. रिपोर्ट में निदा खान को दानिश शेख की बहन बताया गया है. उन्होंने शिकायतकर्ता की धार्मिक भावनाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें धर्म बदलने के लिए दबाव डाला. साथ ही निदा खान और तौसीफ अख्तर पर आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता से दानिश की पिछली शादी की जानकारी छिपाई.
जांच शुरू होने के बाद सात अन्य महिलाओं ने भी आगे आकर अपने सीनियर सहकर्मियों पर मानसिक और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि एचआर विभाग ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया. ये घटनाएं फरवरी 2022 से मार्च 2026 के बीच हुईं बताई जा रही हैं. पुलिस ने अब तक सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें छह पुरुष और एक महिला एचआर हेड शामिल हैं.
निदा खान को TCS से सस्पेंड किया गया
पहले बच्चे की उम्मीद कर रही निदा खान को 9 अप्रैल को टीसीएस ने सस्पेंड कर दिया. उनकी सस्पेंशन लेटर में सीरियस मैटर का जिक्र किया गया है.
लेटर में लिखा है कि- आपको सूचित किया जाता है कि कंपनी को आपके खिलाफ दर्ज एक गंभीर मामले की जानकारी मिली है, जिसके तहत आप वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं. मामले की गंभीरता और आपकी वर्तमान में अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन करने में असमर्थता को देखते हुए, कंपनी ने आपको तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है, जब तक कि प्रबंधन द्वारा इस मामले में आगे की सूचना और निर्णय नहीं लिया जाता.
नासिक, पुणे और गोवा ब्रांच के एचआर हेड शेखर काम्बले द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में निदा खान का टीसीएस नेटवर्क एक्सेस अस्थायी रूप से रद्द करने और कंपनी की संपत्ति लौटाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही उन्हें किसी भी ऑफिस या घर से काम न करने और मामले पर किसी अन्य कर्मचारी से चर्चा न करने का आदेश दिया गया है.
निदा खान ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की
निदा खान के परिवार का दावा है कि वे पहली बार मां बनने वाली हैं. उन्होंने नासिक की स्थानीय अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की है. उनके वकील बाबा सय्यद ने बताया, निदा पर कोई गंभीर आरोप नहीं है. उन्होंने सिर्फ मामले पर चर्चा की थी, अपराध नहीं किया. फिलहाल वे संपर्क में नहीं हैं.
TCS का आधिकारिक बयान
टीसीएस ने शुक्रवार को एक्स पर आधिकारिक बयान जारी किया. कंपनी ने स्पष्ट किया कि निदा खान न तो एचआर मैनेजर हैं और न ही रिक्रूटमेंट की जिम्मेदारी उनके पास थी. वे प्रोसेस एसोसिएट के रूप में कार्यरत थीं और किसी लीडरशिप भूमिका में नहीं थीं.कंपनी ने कहा- नासिक इकाई से संबंधित प्रणालियों और अभिलेखों की प्रारंभिक समीक्षा से पता चलता है कि हमें अपने नैतिकता या यौन उत्पीड़न रोकथाम चैनलों पर इस प्रकार की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है.
टीसीएस ने मामले की जांच के लिए ओवरसाइट पैनल गठित करने और बाहरी एजेंसियों को शामिल करने की घोषणा की है. कंपनी के स्वतंत्र डायरेक्टर और फाइनेंस विशेषज्ञ केकी मिस्त्री इस ओवरसाइट कमिटी की अध्यक्षता करेंगे.


