देश को मिलने जा रहीं नौ अमृत भारत और दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें रूट्स और किराया
भारतीय रेलवे 11 नई ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है, जिनमें वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. इससे कई राज्यों को लाभ मिलेगा. बेहतर कनेक्टिविटी, तेज यात्रा और किफायती किराए यात्रियों को नई सुविधा देंगे.

नई दिल्लीः रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. भारतीय रेलवे देश के अलग-अलग हिस्सों में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कुल 11 नई ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है. इन ट्रेनों से पश्चिम बंगाल, असम, उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि इनमें से कई राज्य चुनावी माहौल में हैं, जहां बेहतर परिवहन सुविधाओं को अहम माना जा रहा है.
11 नई ट्रेनों की शुरुआत का प्लान
रेलवे की योजना के मुताबिक, इन 11 नई ट्रेनों में 8 अमृत भारत एक्सप्रेस, एक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और दो सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. देश की पहली वंदे भारत ट्रेन दिल्ली-हावड़ा रूट पर शुरू की जा रही है, जो उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी. अमृत भारत एक्सप्रेस को कम किराए में बेहतर सुविधाएं देने वाली ट्रेन के रूप में पेश किया गया है.
अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रमुख रूट
नई अमृत भारत ट्रेनों के जिन रूटों की घोषणा हुई है, उनमें दिल्ली-हावड़ा (आनंद विहार टर्मिनल), न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली, एसएमवीटी बेंगलुरु-अलीपुरद्वार, अलीपुरद्वार-पनवेल, डिब्रूगढ़-गोमती नगर (लखनऊ), कामाख्या-रोहतक, सियालदह-वाराणसी और न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोली शामिल हैं. ये ट्रेनें पूर्वोत्तर, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत को बेहतर तरीके से जोड़ेंगी.
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाई जाएगी. यह 16 कोच वाली आधुनिक ट्रेन होगी, जिसमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकेंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल होगा. यह ट्रेन करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और 958 किलोमीटर की दूरी लगभग 14 घंटे में तय करेगी. मालदा टाउन, न्यू जलपाईगुड़ी और कामाख्या जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा.
वंदे भारत स्लीपर का किराया
हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी का किराया 1334 रुपये, हावड़ा से मालदा टाउन 960 रुपये और हावड़ा से कामाख्या (2AC) 2970 रुपये तय किया गया है. फर्स्ट एसी में हावड़ा-कामाख्या का किराया 3640 रुपये रखा गया है. खास बात यह है कि इस ट्रेन में आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा नहीं होगी.
दो नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें
इसके अलावा पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के बीच बेंगलुरु-बालूरघाट एक्सप्रेस और बेंगलुरु-राधिकापुर एक्सप्रेस भी शुरू की जाएंगी. इससे दक्षिण और पूर्वी भारत के बीच सफर और आसान होगा.
हावड़ा-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
हावड़ा-दिल्ली (आनंद विहार) अमृत भारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 13065 और वापसी में 13066 होगा. यह ट्रेन हफ्ते में दो दिन चलेगी और बर्धमान, आसनसोल, गया, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, वाराणसी, लखनऊ जैसे 25 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.


