बीजेपी क्यों नहीं चुन पाई अपना अध्यक्ष, विपक्ष ने खड़े किए सवाल; जानें रेस में किस-किस का नाम
BJP president election: भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में देरी पर विपक्ष खासकर शिवसेना (UBT) ने तीखा हमला बोला है. संजय राउत ने भाजपा की आंतरिक असहमति पर सवाल उठाए. जे.पी. नड्डा का कार्यकाल बढ़ चुका है, पर नया अध्यक्ष तय नहीं हुआ. संभावित चेहरों में कई दिग्गज नेता शामिल हैं.

BJP president election: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में हो रही देरी पर अब विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं. विपक्षी गठबंधन 'INDIA' के सदस्य शिवसेना (यूबीटी) ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा की आलोचना की है. उनका कहना है कि जो पार्टी पूरे देश की सरकार चला रही है, वह अपने ही संगठन के प्रमुख का चयन नहीं कर पा रही है, जो बेहद चिंताजनक है.
शिवसेना (UBT) ने उठाए गंभीर सवाल
शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “भाजपा के भीतर यह तय ही नहीं हो पा रहा है कि पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा. यह वही पार्टी है जो देश की सत्ता संभाल रही है, लेकिन अपने संगठन के नेतृत्व के लिए एकमत नहीं बना पा रही है. यह स्थिति देश के लिए चिंता का विषय है.”
सबको बदल सकते हैं, अध्यक्ष नहीं चुन सकते
राउत ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा तो चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट के जज, यहां तक कि उपराष्ट्रपति तक को बदल सकती है, लेकिन अपनी पार्टी का अध्यक्ष नहीं चुन पा रही है. उन्होंने कहा कि जब धनखड़ साहब को आप स्वास्थ्य कारणों से घर भेज सकते हैं, जब राष्ट्रपति को भी बदल सकते हैं, तो फिर पार्टी अध्यक्ष का चुनाव क्यों नहीं कर सकते? राउत का इशारा पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की हालिया विदाई की ओर था, जिनकी जगह सीपी राधाकृष्ण उपराष्ट्रपति चुने गए हैं.
नड्डा का कार्यकाल बढ़ा
भाजपा में वर्तमान में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं. उनका कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका है, लेकिन पार्टी अब तक नए अध्यक्ष की घोषणा नहीं कर पाई है. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी इस पद के लिए नया चेहरा सामने ला सकती है, मगर इस विषय में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
अध्यक्ष पद की रेस में कौन-कौन?
भाजपा की ओर से भले ही किसी उम्मीदवार का नाम स्पष्ट नहीं किया गया हो, लेकिन अंदरूनी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं. इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, भूपेंद्र यादव, धर्मेंद्र प्रधान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हैं. हालांकि, किसी भी नेता ने इन अटकलों की पुष्टि नहीं की है.


